मुख्यमंत्री साय ने रूपनारायण सिन्हा को दी श्रद्धांजलि, भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान स्थगित
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बुधवार सुबह कबीर नगर स्थित दिवंगत योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा के निवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान गृह मंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को एक प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान रूपनारायण सिन्हा की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया और उनका निधन हो गया।
मुख्यमंत्री साय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि रूपनारायण सिन्हा से उनका लंबे समय से पारिवारिक और संगठनात्मक जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि सिन्हा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे और उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने उनके निधन को संगठन और व्यक्तिगत दोनों स्तर पर अपूरणीय क्षति बताया।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
रूपनारायण सिन्हा के निधन के बाद भाजपा संगठन ने प्रस्तावित पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान को भी स्थगित कर दिया है। तिफरा स्थित झूलेलाल मंगलम में आयोजित होने वाला दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम फिलहाल टाल दिया गया है। बताया जा रहा है कि उनका अंतिम संस्कार आज ही किया जाएगा।
यह भी पढ़े :- देवपुर जंगल में दिखी जायंट मालाबार स्क्विरल, बारनवापारा की समृद्ध जैव विविधता का मिला प्रमाण



