गरियाबंद में 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का भव्य शुभारंभ, 3000 कलशधारी बहनों ने निकाली कलश यात्रा
108 kundiya Gayatri maha Yagya / गरियाबंद। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में गरियाबंद जिला मुख्यालय में आयोजित 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ (108 kundiya Gayatri maha Yagya ) का भव्य शुभारंभ 3 जनवरी 2025 को विशाल कलश यात्रा के साथ हुआ। इस पवित्र आयोजन का शुभारंभ पूर्व सांसद चंदूलाल साहू ने विधिवत पूजन-अर्चन कर किया।

कलश यात्रा में 3000 मंगल कलशधारी बहनों ने भाग लिया, जिनकी अगुवाई में कुंवारी कन्या देवी स्वरूप में घोड़े पर सवार होकर शंखनाद करती हुई चली, जो नारी शक्ति और संस्कृति का अद्भुत प्रतीक रही।
सांस्कृतिक झांकियों ने मोहा मन
कलश यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाले विभिन्न झांकियों ने पूरे नगर का ध्यान आकर्षित किया। यादव शौर्य नृत्य, आदिवासी नृत्य, पंथी नृत्य एवं अष्ट प्रहरी कीर्तन जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
यह भी पढ़े :- महतारी वंदन योजना की 11वीं किस्त जारी, महिलाओं के बैंक खाते में 651.62 करोड़ रुपए ट्रांसफर
कलश यात्रा नगर के प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों से होती हुई छिंद तालाब पहुंची, जहां गंगा मैया का आह्वान कर विधिवत पूजन किया गया। इसके बाद पवित्र जल को कलश में भरकर यज्ञ स्थल पर स्थापित किया गया।
भारतीय वेशभूषा में होगा यज्ञ
4 जनवरी 2025 को महायज्ञ का द्वितीय दिवस प्रारंभ होगा। यज्ञ आयोजन में सम्मिलित होने के लिए भारतीय वेशभूषा अनिवार्य की गई है। माताओं और बहनों के लिए साड़ी या सलवार सूट तथा भाइयों के लिए धोती पहनना आवश्यक है।
निशुल्क संस्कारों का आयोजन
यज्ञ स्थल पर विद्यारंभ, अन्नप्राशन, मुंडन, पुंसवन जैसे विभिन्न संस्कार निशुल्क संपन्न कराए जाएंगे। इच्छुक परिजन गायत्री शक्तिपीठ गरियाबंद कार्यालय में पूर्व पंजीयन कराकर इन संस्कारों का लाभ उठा सकते हैं।
संगठन की सक्रिय भागीदारी
महायज्ञ को सफल बनाने के लिए विकासखंड फिंगेश्वर, छुरा, गरियाबंद, मैनपुर एवं देवभोग के वरिष्ठ प्रकोष्ठ, युवा प्रकोष्ठ और महिला प्रकोष्ठ के सभी परिजन बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। शांतिकुंज हरिद्वार से आए ऋषि पुत्रों के मार्गदर्शन में यज्ञ विधियों का आयोजन किया जा रहा है।
यह दिव्य महायज्ञ (108 kundiya Gayatri maha Yagya ) 6 जनवरी 2025 तक चलेगा, जिसमें जनमानस को सद्विचार, सद्भावना एवं सामूहिक संस्कारों के महत्व का संदेश दिया जाएगा।



