मेडिकल संचालक की लापरवाही से गई 7 साल के मासूम की जान, जानिए क्या है पूरा मामला

Child Death in Balrampur: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिला मुख्यालय से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मेडिकल स्टोर संचालक की लापरवाही के कारण 7 साल के अनमोल एक्का की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मेडिकल संचालक ने गलत तरीके से इंजेक्शन लगाया, जिससे बच्चे की हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी जान चली गई। इस घटना के बाद से इलाके में आक्रोश है और प्रशासन हरकत में आ गया है।
यह भी पढ़ें:- कवर्धा में आदिवासी छात्रा से गैंगरेप, विरोध में सड़क पर उतरा समाज
वार्ड क्रमांक 8 के रहने वाले जितेंद्र एक्का का 7 साल का बेटा अनमोल एक्का सरस्वती शिशु मंदिर में कक्षा छठवीं का छात्र था। बुधवार शाम को खेलते समय अनमोल के घुटने में चोट लग गई। परिजन इलाज कराने के लिए उसे मेन रोड स्थित शंभू मेडिकल स्टोर ले गए। मेडिकल स्टोर संचालक शंभू विश्वकर्मा ने बिना किसी चिकित्सकीय परामर्श के अनमोल को टेक्निस 500 एमजी का इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगते ही अनमोल अचानक बेहोश हो गया। घबराए परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। देर रात इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने लगाया आरोप
मृतक की मां सुशीला एक्का ने इस घटना की लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि मेरे बेटे को मेडिकल संचालक ने गलत डोज का इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगते ही वह बेहोश हो गया। अगर सही इलाज मिलता तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद से बलरामपुर के लोग बेहद नाराज हैं। उनका कहना है कि जिला मुख्यालय में ही झोलाछाप डॉक्टर और मेडिकल संचालक खुलेआम इलाज कर रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग आंख मूंदे बैठा है। नगर पालिका अध्यक्ष लोधी राम एक्का ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है। अवैध तरीके से इलाज करने वाले मेडिकल संचालकों और झोलाछाप डॉक्टरों पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। (Child Death in Balrampur)
दोषियों के खिलाफ होगी कार्रवाई: SDM
घटना सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। SDM अभिषेक गुप्ता ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। दोषियों पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं CMHO डॉ. बसंत सिंह ने कहा कि संभावना है कि इंजेक्शन के रिएक्शन से बच्चे की तबीयत बिगड़ी होगी। कौन सा इंजेक्शन लगाया गया था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। बलरामपुर जिला मुख्यालय में ही करीब आधा दर्जन मेडिकल स्टोर और क्लिनिक संचालक लोगों का इलाज कर रहे हैं। इनमें से ज्यादातर किसी भी तरह की डिग्रीधारी चिकित्सक नहीं हैं। (Child Death in Balrampur)

पहले भी ऐसे ही झोलाछाप डॉक्टरों के इलाज से मौत के मामले सामने आ चुके हैं। बावजूद इसके स्वास्थ्य विभाग ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। 7 साल के मासूम अनमोल की मौत ने एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही और सिस्टम की खामियों को उजागर कर दिया है। लोग सवाल पूछ रहे हैं कि जिला मुख्यालय में ही अगर झोलाछाप डॉक्टर और मेडिकल संचालक इलाज कर रहे हैं तो ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति कितनी भयावह होगी ? आखिर कब तक लोग ऐसे अवैध इलाज का शिकार होते रहेंगे ? (Child Death in Balrampur)



