कवर्धा में आदिवासी छात्रा से गैंगरेप, विरोध में सड़क पर उतरा समाज

Gang Rape in Kawardha: कवर्धा में आदिवासी छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसका बॉयफ्रेंड अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर कार में उसे सुनसान इलाके ले गया और गैंगरेप किया। घटना के बाद युवती को बस स्टैंड के पास छोड़ दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक छात्रा मंगलवार रात को अपने बॉयफ्रेंड (18) के घर पर रुकी हुई थी। देर रात करीब 3 बजे किसी बात पर विवाद होने के बाद युवती घर से बाहर निकल गई।
यह भी पढे़ं:- स्कूल की बड़ी लापरवाही, स्कूल की दो मंजिला इमारत से गिरी 9वीं की छात्रा, ICU में जिंदगी और मौत से जूझ रही बच्ची
कुछ देर बाद उसका बॉयफ्रेंड भी बाहर आया। तभी उसके परिचित दो युवक कार में पहुंचे। बॉयफ्रेंड युवती को अपने साथ कार में बैठाकर ले गया, जहां रास्ते में दोनों दोस्तों ने मिलकर महेंद्र शोरूम के पास सुनसान जगह पर गैंगरेप किया। आरोपियों ने वारदात के बाद छात्रा को बस स्टैंड के पास छोड़ दिया। किसी तरह पीड़िता थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजा, जहां मेडिकल परीक्षण कराया गया। (Gang Rape in Kawardha)
अस्पताल परिसर में हंगामा
घटना की जानकारी मिलते ही सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों से जुड़े लोग अस्पताल पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने एसपी धर्मेंद्र सिंह की गाड़ी को घेर लिया और कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की। इस दौरान अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत किया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। (Gang Rape in Kawardha)
विरोध प्रदर्शन में तीन बड़ी मांगें
गुरुवार को आदिवासी समाज बड़ी संख्या में सड़क पर उतरा। सिग्नल चौक पर प्रदर्शन करते हुए समाज के लोगों ने प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी, जिसमें आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी, बलात्कारियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई और पीड़िता को 50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग शामिल है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही गिरफ्तारी और मुआवजे पर निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और पुलिस की होगी। एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। DVR भी जब्त कर लिया गया है।



