चार महीने के मासूम की आखिरी चीख, मां के गुस्से ने छीनी जिंदगी, जिसने दिया जन्म, उसी के हाथों मिली मौत

Child Murder in Surajpur: सूरजपुर से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां जयपुर गांव में चार माह के मासूम को उसकी ही मां ने गुस्से में उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बच्चे के पिता सोनसाय प्रजापति महुआ बीनने जंगल गए हुए थे। दोपहर को लौटकर उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी वृंदावती खाना नहीं बना रही थी। खाना बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच हल्का विवाद हुआ। इस बीच चार माह का उनका बच्चा रोने लगा। लगातार रोने से गुस्साई मां ने आपा खो दिया और मासूम को घर से बाहर ले जाकर जमीन पर पटक दिया। चोट लगने के तुरंत बाद बच्चा बेहोश हो गया।
यह भी पढ़ें:- नौकरी और फर्जी डिग्री के नाम पर 2.34 करोड़ की ठगी, दिल्ली से गिरफ्तार हुई फर्जी डिग्री बनाने वाली महिला
परिवार ने उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही मासूम की सांसें थम गईं। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मृत बच्चे के पिता सोनसाय के मुताबिक बच्चा उठाकर पटकने से उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। इस घटना ने पूरे जयपुर गांव को स्तब्ध कर दिया। जानकारी के मुताबिक सोनसाय और वृंदावती की लव मैरिज हुई थी। परिजनों का कहना है कि वृंदावती की मानसिक स्थिति कुछ सालों से ठीक नहीं थी। इससे पहले उनके दो बच्चों की सही देखभाल नहीं होने के कारण मौत हो चुकी थी। आज हुई यह घटना उनके तीसरे बच्चे की मौत बन गई। (Child Murder in Surajpur)

सूरजपुर SDOP अभिषेक पैकरा ने बताया कि बच्चे की मौत पर मर्ग कायम कर बयान दर्ज किए जा रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम कराकर शाम को परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की तह तक जाकर सच्चाई सामने लाएगी और उचित कानूनी कार्रवाई करेगी। चार महीने के मासूम की मासूमियत, उसकी रोती हुई आवाज और अचानक जीवन का अंत- यह दृश्य न सिर्फ परिवार के लिए बल्कि पूरे गांव के लिए कड़वी सच्चाई बन गया है। इस घटना ने हर किसी के दिल को झकझोर दिया है। मासूम हंसी और रोने की आवाज अब सिर्फ यादों में ही रह गई हैं।



