Google Analytics —— Meta Pixel

कलेजे का टुकड़ा 1 लाख 80 हजार में बिका, जशपुर में ममता हुई शर्मसार, कबाड़ी की मदद से मां ने बेचा अपना बेटा

Child Trafficking in Jashpur: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से इंसानियत और ममता को तार-तार कर देने वाला एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी का भी दिल दहल उठेगा, जिस मां के आंचल की छांव में बच्चे की दुनिया सुरक्षित होती है, उसी मां ने महज कुछ पैसों के लालच में अपने जिगर के टुकड़े को बाजार की वस्तु बना दिया। महज 1 लाख 80 हजार रुपए की खातिर ममता का सौदा कर दिया गया। हालांकि जशपुर पुलिस की मुस्तैदी और संवेदनशीलता ने इस काले कारोबार का पर्दाफाश करते हुए मासूम को पश्चिम बंगाल से सकुशल बचा लिया है और मां समेत पांच आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में PV ऐप पर पटवारी Vs सरकार, धान खरीदी से पहले बढ़ा टकराव, गिरदावरी और किसान पंजीयन पर संकट

मामला जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार कुनकुरी इलाके की रहने वाली एक महिला ने 12 अगस्त 2026 को थाने में एक शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता महिला के बेटे शंकर चौहान की मौत हो चुकी थी और यशोदा यादव नाम की महिला उनके साथ ही रह रही थी। इसी दौरान यशोदा यादव ने 18 दिसंबर 2025 को एक बच्चे को जन्म दिया, लेकिन नवजात की किलकारियों की गूंज अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि पैसों की हवस ने मां के दिल से ममता को मिटा दिया। आरोप है कि मार्च 2026 में यशोदा ने एक साजिश के तहत अपने 9-10 महीने के मासूम बच्चे को सुकरू आलम उर्फ बंगाली के जरिए पश्चिम बंगाल के मिदनापुर निवासी शेख अलविन के हाथों 1 लाख 80 हजार रुपए में बेच दिया। (Child Trafficking in Jashpur)

पश्चिम बंगाल तक फैला जाल, पुलिस ने बिछाया ऐसा चक्रव्यूह

जब यह काला सच सामने आया तो जशपुर पुलिस हरकत में आ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर कुनकुरी पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। जांच के सुराग तलाशते हुए पुलिस सबसे पहले पश्चिम बंगाल के मिदनापुर जिले तक पहुंची। पुलिस ने दबिश देकर मुख्य बिचौलियों और खरीदार तक अपनी पहुंच बनाई।सुकरू आलम उर्फ बंगाली (उम्र 43 साल) खुद को कबाड़ी बताता है, इसी ने इस सौदे की पूरी बिचौलियाई करते हुए बच्चे को पश्चिम बंगाल तक पहुंचाने में मुख्य भूमिका निभाई थी। शेख अलविन (उम्र 52 साल) पश्चिम बंगाल के मिदनापुर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के लालपुर भीमचक गांव का रहने वाला वह व्यक्ति है, जिसने मार्च 2026 में 1 लाख 80 हजार रुपए देकर इस मासूम को खरीदा था और अपनी बेटी को सौंप दिया था।

सकुशल लौटा मासूम

पुलिस टीम ने अपनी सूझबूझ और तत्परता से पश्चिम बंगाल के लालपुर भीमचक गांव से मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। बच्चे का विधिवत बरामदगी पंचनामा तैयार कर उसे तुरंत सुरक्षित संरक्षण में ले लिया गया है, जिस बच्चे को कुछ रुपयों के लिए घर से दूर धकेल दिया गया था, वह अब पुलिस की देखरेख में सुरक्षित है। इस मामले में कुनकुरी पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया और 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। एएसपी राकेश कुमार पाटनवार ने बताया कि बच्चे की मां यशोदा यादव समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के मिदनापुर जिले से बच्चे को सकुशल बरामद कर सुरक्षित संरक्षण में ले लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। (Child Trafficking in Jashpur)

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 

  • यशोदा यादव (बच्चे की मां)
  • सुकरू आलम उर्फ बंगाली (बिचौलिया/ कबाड़ी)
  • शेख अलविन (बच्चा खरीदने वाला)
  • निर्मला तिर्की (उम्र 45 साल)
  • फूलकुंवारी यादव (उम्र 50 साल)

यह घटना समाज के माथे पर एक गहरा कलंक है कि कैसे कुछ रुपयों की खातिर एक मां ने अपनी ममता का सौदा कर दिया। हालांकि जशपुर पुलिस की तत्परता ने एक मासूम की जिंदगी बचाकर इंसानियत पर से उठते भरोसे को फिर से कायम कर दिया है। ममता का आंचल जब पैसों की तराजू में तुल जाए तो इंसानियत खुद कठघरे में आ खड़ी होती है। जशपुर की इस घटना ने झकझोर कर रख दिया है कि कैसे कुछ रुपयों की चमक ने एक मां की ममता को अंधा बना दिया था। गनीमत रही कि वक्त रहते खाकी ने खाकी का फर्ज निभाया और कुनकुरी पुलिस की मुस्तैदी ने उस मासूम को न सिर्फ पश्चिम बंगाल के चंगुल से मुक्त कराया, बल्कि उसे फिर से सुरक्षित आंचल में ला खड़ा किया। यह खबर सिर्फ एक अपराध की कहानी नहीं, बल्कि समाज के भीतर गिरते नैतिक मूल्यों और उस उम्मीद की दास्तान है, जो बताती है कि इंसानियत आज भी जिंदा है। 

Back to top button
error: Content is protected !!