Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में मासूमों पर सितम, रायपुर, सरगुजा और दुर्ग में सौतेले पिता ने की बच्चों की पीट-पीटकर हत्या

Children Killed in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में मासूमों पर जुल्म की तीन दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पहला मामला राजधानी रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र का है, जहां सौतेले पिता ने ढाई साल के बेटे प्रशांत की बेरहमी से पिटाई कर मौत के घाट उतार दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्चे के शरीर पर 28 जगह गहरी चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पिछले 15 दिनों से बच्चे के नाक और सीने पर लगातार मुक्के मार रहा था, जिससे मासूम की तड़प-तड़पकर मौत हो गई। 18 नवंबर को एम्स अस्पताल से बच्चे की मौत की जानकारी कबीर नगर पुलिस को मिली। 

यह भी पढ़ें:- मुख्यमंत्री कल करेंगे हाउसिंग बोर्ड परियोजनाओं का शुभारंभ, 22 जिलों में मिलेंगे 12 हजार नए मकान

पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। डॉक्टरों की शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में इसे अप्राकृतिक मृत्यु बताया गया। इसके बाद पुलिस ने मां और सौतेले पिता से पूछताछ शुरू की। मृत बच्चा प्रशांत अपनी मां रेशमी ताम्रकार (24) और सौतेले पिता आकिब खान के साथ हीरापुर सतनामी पारा में रहता था। आकिब खान पेशे से कसाई है। उसने तीन बच्चों की मां रेशमी से लव मैरिज की थी। रेशमी अपने पहले पति से हुए दो बच्चों को मायके छोड़कर आकिब के साथ रहती थी। कबीर नगर थाना प्रभारी सुनील दास के मुताबिक आकिब बच्चे से चिढ़ता था। 

बच्चे को रास्ते से हटाना चाहते थे दोनों

बताया जा रहा है कि आकिब के पिता ने बेटे को कहा था कि रेशमी अकेले आएगी तो घर में रखेंगे, बच्चे नहीं। इस वजह से दोनों बच्चे को रास्ते से हटाना चाहते थे और रोज उसकी पिटाई करते थे। पड़ोसियों ने कई बार बच्चे के रोने की वजह पूछी, लेकिन दंपति हर बार बहाना बनाकर बात टाल देते थे। सिटी ASP लखन पटले ने बताया कि मामले में आकिब खान और उसकी पत्नी रेशमी ताम्रकार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। (Children Killed in Chhattisgarh)

सरगुजा में पटक-पटककर बेटे की हत्या 

सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र में एक और दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां शराब के नशे में धुत एक पिता ने अपने 2 साल के बेटे हर्षित को जमीन पर पटक-पटककर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपी ने पत्नी को फोन कर कहा- तेरे बेटे को मार दिया हूं। 26 साल के जुगलाल सिंह की पत्नी विनीता पिछले एक साल से मायके में थी। पति शराब पीकर मारपीट करता था, इसलिए वह घर छोड़कर चली गई थी। कुछ दिन पहले जुगलाल ससुराल पहुंचा और बोला कि बेटे के बिना नहीं जी पाऊंगा, फिर उसे साथ ले आया।

16 सितंबर को दिया वारदात को अंजाम 

16 सितंबर को बच्चा घर से थोड़ी दूर खेल रहा था। उसी समय जुगलाल शराब के नशे में उसे घसीटते हुए अंदर ले गया। घर में उसने पहले बेरहमी से पिटाई की और फिर उसे जमीन पर पटक दिया, जिससे बच्चा बेहोश हो गया। परिजनों ने घायल बच्चे को करजी हॉस्पिटल ले जाया, जहां से उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। दरिमा पुलिस ने जुगलाल सिंह पर हत्या का केस दर्ज कर गिरफ्तारी कर ली है। पत्नी विनीता ने बताया कि वह शराब पीकर रोज मारता था। इसी अत्याचार से तंग आकर मैं मायके आ गई थी। 

दुर्ग में 4 साल के बच्चे की हत्या 

दुर्ग जिले में चार साल के मासूम जगदीप सिंह की हत्या के मामले में उसकी मां गायत्री साहू और सौतेले पिता मनप्रीत सिंह को जिला कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। दोनों पर 1,000 रुपए का अर्थदंड भी लगाया गया है। घटना 31 जनवरी 2024 की रात कुम्हारी के शंकर नगर में हुई थी। मृतक जगदीप गायत्री के पहले पति से हुआ बेटा था। पड़ोसियों के मुताबिक मनप्रीत बच्चे के साथ आए दिन मारपीट करता था। एक बार तो उसने बच्चे के गले में रस्सी बांधकर उसे हवा में उठा दिया था। 31 जनवरी की शाम भी दंपति ने बच्चे को बेरहमी से पीटा। रात में उसकी मौत हो गई।

2 फरवरी 2024 को हुई थी गिरफ्तारी

दोनों ने गुपचुप अंतिम संस्कार करने की कोशिश की, लेकिन पड़ोसी हरिनाथ यादव ने पुलिस को सूचना दे दी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पेट और गुप्तांगों पर गंभीर चोट की पुष्टि हुई। जमीन पर पटकने और लगातार पिटाई के निशान भी मिले। डॉक्टरों ने इसे अत्यधिक मारपीट से हुई मौत बताया। मामले में सत्र न्यायाधीश के. विनोद कुजूर ने कहा कि अभियुक्तों ने अपने संरक्षण में रह रहे 4 साल के मासूम पर घोर अमानवीय अत्याचार किया। बच्चा पूरी तरह असहाय था। ऐसे अपराध समाज की आत्मा को झकझोर देते हैं। पुलिस ने दोनों को 2 फरवरी 2024 को गिरफ्तार किया था।

जिंदगी की जगह मासूमों को मिल रही मौत

छत्तीसगढ़ के रायपुर, सरगुजा और दुर्ग जिले से भले ही अलग-अलग घटनाएं समाने आई है, लेकिन तस्वीर एक ही है। रिश्तों की छांव में पलने की उम्र में ये बच्चे अपनों के हाथों मौत के हवाले कर दिए गए। अब सवाल सिर्फ एक नहीं, कई हैं। क्या हमारे समाज में बच्चों पर अत्याचार को पहचानने और रोकने की संवेदनशीलता खत्म हो रही है ? पड़ोसी, रिश्तेदार, समाज सब कब तक चीखें सुनते रहेंगे और अनदेखा करते रहेंगे ? सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक मासूमों की जान लेने वाले ये दरिंदे घरों की दीवारों के भीतर छिपे रहेंगे ?

Back to top button
error: Content is protected !!