Google Analytics —— Meta Pixel

कॉकरोच जनता पार्टी और सरकार के बीच बैठक सफल, CJP ने वापस लिया आंदोलन, छात्रों से वापस घर जाने की अपील 

CJP Calls off Agitation: देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर कई दिनों से चल रहा कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन शनिवार को खत्म हो गया। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आंदोलन खत्म करने की घोषणा की। CJP ने कहा कि सरकार ने उनकी तीनों प्रमुख मांगें स्वीकार कर ली हैं, जिसके बाद प्रदर्शन खत्म करने का फैसला लिया गया। पिछले पांच दिनों में सरकार और CJP के बीच तीन बार बातचीत हुई। पहली बैठक 20 जुलाई को जेपी नड्डा के आवास पर हुई, जबकि दूसरी और तीसरी बैठक 24 और 25 जुलाई को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित की गई। तीसरे दौर की बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी और आंदोलन खत्म करने का ऐलान किया गया।

यह भी पढ़ें:- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद विपक्ष का वार, कहा- सिर्फ इस्तीफा नहीं, शिक्षा व्यवस्था भी बदले

संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि हमारी तीन प्रमुख मांगें थीं- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा। आंदोलनकारियों पर दर्ज सभी एफआईआर और केस वापस लेना और भविष्य में कोई कार्रवाई नहीं करना। NEET से जुड़े पीड़ित परिवारों को एक करोड़ रुपए का मुआवजा देना। रांका ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया है, प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामलों को वापस लेने पर सरकार सहमत हो गई है और मृतक छात्रों के परिजनों को एक करोड़ रुपए का मुआवजा देने पर भी सहमति बनी है। सरकार लिखित ड्राफ्ट मंगलवार तक उपलब्ध कराएगी। CJP के प्रवक्ता सौरभ दास ने बताया कि सरकार को शिक्षा सुधार से जुड़े पांच बिंदुओं का प्रस्ताव भी सौंपा है। इन प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा के लिए चार हफ्ते बाद फिर बैठक होगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने परीक्षा प्रणाली में सुधार पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिया है।

नड्डा ने छात्रों से की घर वापस जाने की अपील

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार ने प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी और परीक्षा सुधार के सुझावों पर विचार किया जाएगा। नड्डा ने आंदोलनकारियों से अपील करते हुए कहा कि अब अपने-अपने घर लौट जाएं। वहीं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर सामने आते ही जंतर-मंतर पर मौजूद छात्रों और प्रदर्शनकारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। छात्रों ने छात्र एकता जिंदाबाद के नारे लगाए, राष्ट्रगान गाया और NEET पेपर लीक से जुड़े मृतक छात्रों की स्मृति में दो मिनट का मौन भी रखा। दिल्ली पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए प्रदर्शनकारियों से कहा कि उनकी सभी मांगें मान ली गई हैं, इसलिए अब वे शांतिपूर्वक अपने घर लौट जाएं। पुलिस ने बताया कि आंदोलन खत्म होने के बाद सामान्य स्थिति बहाल की जा रही है। (CJP Calls off Agitation)

मेट्रो स्टेशन फिर खुले

आंदोलन खत्म होने के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन दोबारा खोल दिए। सुरक्षा व्यवस्था सामान्य होने के बाद यात्रियों की आवाजाही शुरू कर दी गई। धर्मेंद्र प्रधान का नाम पहले भी पेपर लीक विरोधी आंदोलन से जुड़ा रहा है। साल 1997 में ओडिशा में हुए एक पेपर लीक मामले के खिलाफ हुए छात्र आंदोलन में वे सक्रिय रूप से शामिल हुए थे। उस प्रदर्शन में पुलिस लाठीचार्ज के दौरान उन्हें गंभीर चोटें आई थी और फ्रैक्चर भी हुआ था। अब पेपर लीक के मुद्दे को लेकर ही उन्हें इस्तीफा देना पड़ा। साल 2014 में नरेंद्र मोदी सरकार बनने के बाद पहली बार किसी केंद्रीय मंत्री ने बड़े सार्वजनिक विरोध के बाद इस्तीफा दिया है। हालांकि इससे पहले 2018 में विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर ने मी टू आंदोलन के दौरान लगे आरोपों के बाद इस्तीफा दिया था, लेकिन वह मामला अलग प्रकृति का था। (CJP Calls off Agitation)

Back to top button
error: Content is protected !!