Google Analytics —— Meta Pixel

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी और सरकार के बीच हुई बैठक, मुआवजा और केस वापसी पर बनी सहमति, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर फैसला बाकी

CJP Central Government Meeting: केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह, कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास और राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका के बीच दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में बैठक हुई, जिसे लेकर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि मीटिंग लगभग 2 घंटे तक चली। उनकी 3 मुख्य मांगें थी और एग्जाम के लिए 5 सुधार सुझाव थे। हमने उनसे कहा है कि हम कल दोपहर फिर मिलेंगे और सरकार के साथ हुई बातचीत के बारे में बताएंगे। वहीं बैठक के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि सरकार ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की हमारी मांग पर कल दोपहर तक का समय मांगा है। हमें उम्मीद है कि सरकार उन्हें जल्द ही बर्खास्त कर देगी। सरकार ने सुसाइड से मरने वाले NEET कैंडिडेट्स के परिवारों के लिए मुआवजा और छात्रों पर FIR, लीगल केस वापस लेने की दो मांगों पर मंजूरी दे दी है। 

यह भी पढ़ें:- यज्ञ स्थल मे धर्म रक्षार्थ यज्ञ एवं जन सेवा समिति के सदस्यों ने किया वृक्षारोपण….

रांका ने आगे कहा कि सरकार ने हमारी तीन मुख्य मांगों में से दो पर बहुत सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। इसने 1 करोड़ रुपए के मुआवजा की मांग और हमारे उठाए गए लीगल केस पर काफी सैद्धांतिक रूप से सहमति दिखाई। इसमें न सिर्फ पहले से दर्ज की गई FIR शामिल हैं, बल्कि हमारी यह मांग भी शामिल है कि प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ भविष्य में कोई FIR या लीगल केस फाइल न किया जाए, इसकी गारंटी दी जाए। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर भी सरकार के साथ विस्तृत बातचीत हुई। हमने सरकार से न सिर्फ जंतर-मंतर बल्कि देशभर के प्रदर्शनों की भावना बताई। कल दोपहर में फिर से एक और मुलाकात की बात की गई है। हमने उनसे कहा कि हमें जल्द ही इस विषय पर एक ठोस निर्णय चाहिए। CJP प्रवक्ता वैष्णवी गौर ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजा, निर्दोष प्रदर्शनकारियों पर सभी एफआईआर हटाई जाएं और उन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हो, जिन्होंने प्रदर्शनकारियों पर बर्बरता की।

एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने तोड़ी भूख हड़ताल 

इस बीच एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने मेदांता हॉस्पिटल में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में अपनी भूख हड़ताल तोड़ी। इसे लेकर उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, डॉ. जितेंद्र सिंह और लेह लद्दाख की एपेक्स बॉडी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में मैंने आखिरकार 26 दिन बाद अपना अनशन समाप्त किया। इससे पहले अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों के 65 सांसद मुझसे मिलने आए थे या लेटर पर साइन करके मुझसे अनशन समाप्त करने का अनुरोध किया था। यह अलग-अलग शर्तों पर लंबी बातचीत और देश में संभावित हिंसा को देखते हुए किया गया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा- मैं सोनम जी से आग्रह करता हूं की वो डॉक्टरों की सलाह के अनुसार अपनी दिनचर्या रखें और जल्द से जल्द अपना पुराना वजन फिर से प्राप्त करें। मैं प्रभु से प्रार्थना करता हूं कि सोनम जी स्वस्थ रहें। 

जब तक ये आंदोलन चलेगा हम आंदोलन के साथ: AAP

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दिपके ने कहा कि हमें राहत है और हम आभारी हैं कि सोनम सर ने 26 दिनों के बाद अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है। कॉकरोच जनता पार्टी का जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते। कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि हम खुश हैं। हमने पत्र लिखकर सोनम सर से उपवास समाप्त करने का अनुरोध किया था। यह आंदोलन जब तक हमारी मांग पूरी नहीं हो जाती तब तक जारी रहेगा। एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के भूख हड़ताल तोड़ने पर AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि इस सरकार का दोगला चरित्र देखिए जब 55 सांसदों के हस्ताक्षर करा के एक प्रतिनिधिमंडल मिलने गया, तब मिलने नहीं दिया गया, लेकिन मंत्री मिलने गए, लेकिन सबको उनके स्वास्थ्य की चिंता थी। उनका जीवन इस देश के लिए अमूल्य है, लेकिन इस आंदोलन के मुद्दे का क्या हुआ। CJP के नेता अभिजीत दिपके ने कहा है कि अनशन खत्म हो गया, लेकिन आंदोलन जारी रहेगा, जिन छात्र-छात्राओं ने आत्महत्या की थी उनको मुआवजे, आंदोलनकारियों पर मुकदमें न लिखे जाएं, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर सरकार क्या करेगी देखा होगा। जब तक ये आंदोलन चलेगा हम आंदोलन के साथ हैं।

RSS-भाजपा के कार्यकर्ता जो डंडे बरसा रहे थे: मीसा भारती

RJD सांसद मीसा भारती ने कहा कि सोनम वांगचुक छात्रों को समर्थन दे रहे थे। वे भूख हड़ताल पर भी थे। उनकी सेहत अच्छी नहीं थी। इसलिए कई सांसदों ने अनुरोध किया था कि आप भूख हड़ताल खत्म करें। विपक्ष छात्रों के साथ खड़ा है। तभी कल उन्होंने भूख हड़ताल समाप्त किया। भारत के लिए लाठी चार्ज होना कोई बड़ी बात नहीं है, लेकिन पुलिस के साथ जो RSS-भाजपा के कार्यकर्ता जो डंडे बरसा रहे थे वो पहली बार देखने के मिला है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि सोनम वांगचुक ने अपना अनशन तोड़ दिया है। स्पष्ट है कि यह निर्णय मोदी सरकार पर भरोसा दिखाता है। सोनम वांगचुक का अनशन तोड़ना मोदी सरकार के उठाए जा रहे कड़े कदमों पर भी अपनी मुहर लगाता है। PM मोदी ने वीडियो बनाया। उन्होंने कहा कि हमने 2024 में पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून बनाए थे, लेकिन इस सत्र में हम और भी कड़ा कानून बनाने के लिए एक बिल ला रहे हैं। सोनम वांगचुक का इसके बाद अनशन तोड़ना मोदी सरकार की संवेदनशीलता, छात्र हित और जवाबदेही पर भरोसे की मुहर लगाता है।

पूरे देश ने राहत की सांस ली: शाहजाद पूनावाला

भाजपा नेता शाहजाद पूनावाला ने कहा कि पूरे देश ने राहत की सांस ली है कि सरकार के आग्रह पर, प्रधानमंत्री की अपील पर, उनके विमर्श पर सोनम वांगचुक ने 25-26 दिनों के बाद अपना अनशन तोड़ा। सोनम वांगचुक की मुख्य मांग है कि संसद में सभी सांसद आएं, जवाबदेही तय करें और आगे का रास्ता तय करें। हम इसका स्वागत करते हैं, क्योंकि असल में छात्र प्रदर्शन और उनकी मांग का कोई चेहरा था तो वो सोनम वांगचुक थे। सरकार भी काफी संवेदनशील है। इस विषय पर हमारा जीरो टॉलरेंस है, हमारे पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए हम संसद में भी चर्चा के लिए तैयार हैं। दूसरी ओर विपक्ष के लोग छात्रों के बारे में नहीं सोच रहे हैं। CJP हो या कांग्रेस के लोग, वे सोनम वांगचुक का ही अपमान करने लगे हैं। शिवसेना नेता मिलिंद देवड़ा ने कहा कि मैं हमारी पार्टी शिवसेना की ओर से, हमारी पार्टी के मुख्य नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की ओर से, सोनम वांगचुक जिन्होंने कल देर रात अपना अनशन तोड़ा, इसलिए उनका स्वागत करना चाहते हैं। केंद्र सरकार के वरिष्ठ मंत्री जे.पी. नड्डा के साथ मिलकर उन्होंने अपना अनशन तोड़ा।

जवाबदेही की गारंटी प्रधानमंत्री ने दे दी है: मिलिंद देवड़ा

उन्होंने कहा कि हम नौजवान पीढ़ी से अपील करना चाहेंगे कि सरकार पर आपको विश्वास करना चाहिए। सरकार ने पहले ही NEET पेपर लीक के बाद ऐसे बहुत सारे कदम उठाए हैं। आज की जो युवा पीढ़ी है, वो जवाबदेही चाहती है। वे चाहते हैं कि राजनेता और सरकार चलाने वाले लोगों में जवाबदेही होनी चाहिए और जवाबदेही की गारंटी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी को दी है। शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कहा कि देश के युवा ने मुद्दे उठाए, सरकार ने बात की, जब कोई भी व्यक्ति अपनी आवाज उठाता है तो सब साथ बैठकर कानूनी, लंबे समय तक चलने वाला उपाय निकाले तो हम आगे बढ़ सकते हैं। प्रधानमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाई है और उन्हेंने आश्वासन दिया है कि बच्चों की एक-एक मांग का ना सिर्फ सुधार, बल्कि निष्कर्ष भी निकले। 

कल देर रात PM मोदी ने जारी किया था वीडियो

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देर रात एक वीडियो जारी करते हुए कहा था कि पेपर लीक घटना से अब तक पिछले ढाई महीनों में कई असरदार कदम उठाए गए हैं। दोषी पकड़े गए हैं और जेल में हैं। हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी थी कि विद्यार्थियों का साल बर्बाद न हो। तत्काल पेपर लेना जरूरी था। सरकार ने पूरी ताकत लगाई ताकि 22 लाख विद्यार्थियों की कम से कम समय में परीक्षा हो जाए। 19 जुलाई को रिजल्ट भी आ गए। मैंने विभागों को फास्ट-ट्रैक कोर्ट के लिए विभागों को निर्देश दिए थे। विभागों ने मुझे देर रात प्रस्ताव दे दिया। सोमवार से संसद का दूसरा हफ्ता शुरू हो रहा है, इसलिए उस बिल को जल्द से जल्द सदन में पारित कराने का प्रयास जाएगी। वहीं जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच बढ़ी हुई सुरक्षा चिंताओं के कारण DMRC ने आज सुबह 07:30 बजे से अगली सूचना तक 17 स्टेशन बंद कर दिए हैं। DMRC ने पहले 24 जुलाई सुबह 07:30 बजे से 17 बड़े स्टेशनों को बंद करने की घोषणा की थी। हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। 

आंदोलनों के पीछे विदेशी ताकतें हैं: RSS नेता

वहीं नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन अगले निर्देश तक बंद कर दिया गया है। इस स्टेशन पर कोई इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। इस बीच केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने छात्रों के मुद्दे पर CJP और विपक्ष के विरोध पर कहा कि जिनको राजनीति करनी है, उन्हें विषयों से कोई लेना-देना नहीं है। चर्चा न करने देना भी राजनीति है। सदन के कार्य को ठप कराके, चर्चा ना होने देना, यह तो सबसे बड़ी राजनीति है। विपक्ष के सांसद होने के नाते आप अपनी जिम्मेदारी को ही ठीक से नहीं निभा रहे हैं। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू तो दोनों सदनों में कह चुके हैं कि चर्चा होनी चाहिए। RSS नेता इंद्रेश कुमार ने कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध पर कहा कि मैं वहां आने वाले युवाओं से कहना चाहता हूं कि एक बात साफ नजर आ गई होगी कि इन आंदोलनों के पीछे देश की और विश्व की वो ताकतें हैं, जो चाहती हैं कि भारत विकसित भारत ना बने, समर्थ भारत ना बने, शिक्षित भारत ना बने।

Back to top button
error: Content is protected !!