Google Analytics —— Meta Pixel

Trending

बलौदाबाजार : यज्ञ स्थल पर धर्म रक्षार्थ यज्ञ एवं जन सेवा समिति का वृक्षारोपण अभियान

पूजन में उपयोगी, फलदार एवं ऑक्सीजन देने वाले पौधे लगाए, स्वच्छता अभियान चलाकर परिसर को संवारा

बलौदाबाजार। नगर के हृदय स्थल स्थित यज्ञ स्थल परिसर में धर्म रक्षार्थ यज्ञ एवं जन सेवा समिति, बलौदाबाजार द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं धार्मिक आस्था के संवर्धन के उद्देश्य से वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। बारिश के बाद समिति के सदस्यों ने सामूहिक रूप से पूजन-अर्चन में उपयोगी, फलदार, पुष्पीय एवं ऑक्सीजन प्रदान करने वाले पौधों का रोपण किया। साथ ही परिसर में उग आए खरपतवार की सफाई कर यज्ञ स्थल को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया।

सदस्यों ने किया वृक्षारोपण
सदस्यों ने किया वृक्षारोपण

हर वर्ष होता है भव्य महायज्ञ, हजारों श्रद्धालु होते हैं शामिल

समिति के सदस्यों ने बताया कि यज्ञ स्थल पर प्रत्येक वर्ष जनसहयोग से भव्य महायज्ञ का आयोजन किया जाता है। इस आयोजन में हजारों श्रद्धालु आस्था के साथ शामिल होते हैं, वहीं स्थानीय, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के सैकड़ों कलाकार अपनी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान करते हैं।

जनप्रतिनिधियों के सहयोग से विकसित हुई यज्ञ स्थल की सुविधाएं

समिति ने बताया कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के निर्बाध संचालन के लिए विधायक एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा के प्रयासों से यज्ञ स्थल पर ओपन सभागार का निर्माण कराया गया है। वहीं पूर्व नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया के सहयोग से दो कक्ष एवं बाउंड्रीवाल का निर्माण हुआ। इसके अलावा समिति के सदस्यों के सहयोग से पक्की यज्ञशाला का निर्माण भी कराया गया है।

धार्मिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बन रहा है यज्ञ स्थल

समिति के अनुसार, यज्ञ स्थल पर समय-समय पर क्षेत्रवासियों द्वारा विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, यज्ञ, कथा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। विकसित होती सुविधाओं के कारण यह स्थल सनातन धर्मावलंबियों के लिए धार्मिक आयोजनों का एक सुलभ, व्यवस्थित एवं श्रेष्ठ केंद्र बनकर उभर रहा है।

ये रहे अभियान में शामिल सदस्य

वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान के दौरान पं. द्वारिका प्रसाद शास्त्री, अभिषेक तिवारी (मिकी), लक्ष्मेंद्र अग्रवाल, रवि यादव, शिवप्रकाश तिवारी, प्रेमनारायण केशरवानी, सुरेंद्र जायसवाल, संजय नारायण केशरवानी, पियूष मिश्रा, अमित केशरवानी, मोहन साहू, लखेश साहू, अरविंद मिश्रा एवं गार्गीशंकर बाजपेई सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े :- पेपर लीक पर विपक्ष आक्रामक, केंद्र सरकार पर की सवालों की बौछार, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ा विपक्ष

Back to top button
error: Content is protected !!