Google Analytics —— Meta Pixel

NEET पेपर लीक को लेकर जारी प्रदर्शन ने लिया उग्र रूप, जंतर-मंतर पर छात्रों और पुलिस में हिंसक झड़प

Clash Between Police Students: देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को पिछले 34 दिनों से चल रहा छात्रों और कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थकों का आंदोलन बुधवार रात हिंसक हो गया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टॉल्स्टॉय मार्ग पर जमकर झड़प हुई, जिसमें पथराव, लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े गए। कई पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि कई प्रदर्शनकारियों को भी चोटें आईं। घटना के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। गुरुवार को भी राजीव चौक, पटेल चौक, जनपथ समेत दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं।  

यह भी पढ़ें:- पेपर लीक के सभी मामलों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा, किसी को बख्शेंगे नहीं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

20 जून से जंतर-मंतर पर CJP और छात्र संगठन NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच समेत केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं। आंदोलन के समर्थन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी भूख हड़ताल पर हैं। गुरुवार को भूख हड़ताल का 26वां दिन है। सुबह हजारों प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पहुंचे और शिक्षा मंत्री के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते, आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा। हालांकि उन्होंने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रखने की अपील भी की। (Clash Between Police Students)

बुधवार रात कैसे भड़की हिंसा ?

बुधवार रात लगभग 8:30 बजे जंतर-मंतर के पास टॉल्स्टॉय मार्ग पर पुलिस और प्रदर्शनकारी आमने-सामने आ गए। पुलिस के मुताबिक कुछ उपद्रवियों ने पुलिस बल पर पथराव किया, जिसमें कनॉट प्लेस के एसीपी विवेक भगत घायल हो गए। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। जवाब में कई प्रदर्शनकारियों ने मुंह और आंखों को कपड़े से ढंक लिया। करीब 10 से 15 मिनट तक चली झड़प के दौरान पुलिस और छात्र लाठी लेकर आमने-सामने दिखाई दिए। धक्का-मुक्की में कई लोग जमीन पर गिर पड़े। सोशल मीडिया पर घटना के कई वीडियो सामने आए, जिनमें पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव देखा जा सकता है। (Clash Between Police Students)

दिल्ली हाईकोर्ट की सख्ती

घटना के बाद दिल्ली हाईकोर्ट में छात्रों के साथ कथित मारपीट को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई हुई। कोर्ट ने सरकार और पुलिस को निर्देश दिया कि पूरे घटनाक्रम से जुड़े सभी CCTV फुटेज सुरक्षित रखे जाएं, ताकि भविष्य में जांच के दौरान उनका उपयोग किया जा सके। वहीं दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान RAF के एक जवान पर कथित हमले, सरकारी वाहन पर पथराव और तोड़फोड़ के मामले में FIR दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो में कुछ प्रदर्शनकारी RAF जवान के साथ मारपीट करते और सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाते दिखाई दे रहे हैं। उधर, दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने RML अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।

केंद्र सरकार ने बढ़ाई सुरक्षा

स्थिति को देखते हुए गृह मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल से CRPF की 20 अतिरिक्त कंपनियों को दिल्ली भेजने का निर्णय लिया। करीब 2,000 जवानों को कोलकाता से एयरलिफ्ट कर राजधानी लाया गया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। दिल्ली के अलावा मुंबई में भी आंदोलन को लेकर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। 18 जुलाई से 22 जुलाई के बीच गैर-कानूनी तरीके से एकत्र होने के आरोप में 13 FIR दर्ज की गई हैं। इनमें करीब 400 लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने नोटिस जारी कर पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया। हिंसा के बाद सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने प्रदर्शनकारियों से संयम बनाए रखने की अपील की। उनका संदेश CJP प्रवक्ता सौरव दास ने मीडिया के साथ साझा किया। वांगचुक ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य न्याय की मांग करना है, हिंसा नहीं। उन्होंने सभी समर्थकों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखने का आग्रह किया।

Back to top button
error: Content is protected !!