रफ़्तार बनी काल: भिलाई में पेड़ से टकराई बेकाबू कार, दो युवकों की मौके पर मौत
भिलाई नगर : इस्पात नगरी भिलाई में आज गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें कार सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सुबह लगभग 4:00 बजे सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर गुंडिचा मंडप के सामने हुआ। मृतक दोनों युवक सेक्टर-6 के निवासी बताए जा रहे हैं।
नियंत्रण खोने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कार (क्रमांक CG 07 MB 5986) सेक्टर-9 से सेक्टर-6 की ओर जा रही थी। मार्ग में वाहन की गति अत्यधिक तेज़ होने के कारण चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार सड़क किनारे स्थित पेड़ से सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों ने दुर्घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
कार से शराब की बोतलें बरामद
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला मॉर्च्युरी भेज दिया है। प्रारंभिक जाँच के दौरान दुर्घटनाग्रस्त वाहन से शराब की बोतलें व नमकीन के पैकेट बरामद हुए हैं।
भिलाई नगर थाना पुलिस मामला दर्ज कर दुर्घटना के सटीक कारणों की जाँच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक स्थिति का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जाँच के बाद ही हो सकेगा।



