Google Analytics —— Meta Pixel

Chamoli Cloud Burst : चमोली में बादल फटा, तबाही का मंजर – कई लोग लापता

चमोली (उत्तराखंड)। चमोली जिले के थराली क्षेत्र में शुक्रवार की आधी रात बादल फटने (Chamoli Cloud Burst) से भारी तबाही मच गई। अचानक हुई इस आपदा से थराली कस्बे और आसपास के गांवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। तेज बारिश और मलबे से कई घरों, दुकानों और सड़कों को नुकसान पहुंचा है।

सबसे ज्यादा असर थराली बाजार, कोटदीप और तहसील परिसर में देखने को मिला, जहां मलबा घुसने से कई वाहन दब गए। पास के सागवाड़ा गांव में मलबे की चपेट में आने से एक युवती की मौत हो गई। चेपड़ों बाजार में कई दुकानें क्षतिग्रस्त हुईं, जबकि एक व्यक्ति के लापता होने की खबर है। (Chamoli Cloud Burst)

यातायात ठप, BRO सड़क खोलने में जुटा

भारी बारिश के कारण थराली-ग्वालदम मार्ग और थराली-सागवाड़ा मार्ग बंद हो गए हैं। इससे क्षेत्र का यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। SDRF और प्रशासन की टीमें राहत-बचाव कार्य में जुटी हैं, जबकि BRO सड़क से मलबा हटाने की कोशिश कर रहा है।

स्कूल-आंगनबाड़ी बंद

जिला प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर थराली तहसील के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को 23 अगस्त 2025 तक बंद रखने के आदेश दिए हैं।

पहाड़ में लगातार आपदाएँ

उत्तराखंड में इस मॉनसून सीजन में कई बार बादल फटने की घटनाएँ हो चुकी हैं। 5 अगस्त को उत्तरकाशी के धराली-हर्षिल क्षेत्र में बादल फटने से आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई थी, जिसमें कम से कम चार लोगों की मौत हुई थी। वहीं, रुद्रप्रयाग के केदारघाटी क्षेत्र में जुलाई के अंत में बादल फटने से कई घर और वाहन मलबे में दब गए थे। (Chamoli Cloud Burst)

Back to top button
error: Content is protected !!