Google Analytics —— Meta Pixel

CM और विधायक की ‘समधी भेंट’ बनी चर्चा का विषय

अजय चंद्राकर के पोस्ट पर मुख्यमंत्री साय का आत्मीय जवाब, सोशल मीडिया पर छाया अपनापन

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में रविवार को एक अलग और आत्मीय तस्वीर देखने को मिली। धमतरी जिले के ग्राम छाती में आयोजित चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज के केंद्रीय महाअधिवेशन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वरिष्ठ भाजपा नेता एवं विधायक अजय चंद्राकर के बीच हुई ‘समधी भेंट’ सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे। इसी दौरान लोगों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और अजय चंद्राकर से एक साथ तस्वीर खिंचवाने का आग्रह किया। समाजजनों के अनुरोध पर दोनों नेताओं ने मंच पर साथ तस्वीर खिंचवाई, जिसे बाद में अजय चंद्राकर ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर साझा किया।

अजय चंद्राकर ने पोस्ट में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए लिखा कि वे उन्हें स्नेहपूर्वक ‘समधी जी’ कहकर संबोधित करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों के आग्रह पर ली गई यह तस्वीर उनके लिए विशेष और यादगार पल बन गई। उन्होंने मुख्यमंत्री की सहजता और आत्मीयता की भी सराहना की।

अजय चंद्राकर की पोस्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी आत्मीय प्रतिक्रिया दी। मुख्यमंत्री ने लिखा कि यह स्नेहपूर्ण संबोधन उन्हें हमेशा आत्मीयता से अभिभूत करता है। उन्होंने कहा कि ग्राम छाती में समाजजनों के आग्रह पर हुई ‘समधी भेंट’ का यह क्षण उनके लिए भी स्मरणीय रहेगा।

https://x.com/vishnudsai/status/2063641337501794336?s=20

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में अजय चंद्राकर के मिलनसार स्वभाव और समाज के लोगों से उनके आत्मीय जुड़ाव की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की पारिवारिक संस्कृति, अपनापन और आपसी सम्मान ही प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने समाजजनों के स्नेह और सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।

दोनों नेताओं के बीच सोशल मीडिया पर हुआ यह आत्मीय संवाद लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है और राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

यह भी पढ़े :- Rashifal 8 June 2026: आज सोमवार का राशिफल, क्या कहती है आपकी राशि, कैसा रहेगा आपका दिन, जानें सभी राशियों का भविष्यफल

Back to top button
error: Content is protected !!