आज रमन सिंह के गढ़ में हुंकार भरेंगे राहुल गांधी, 2 दिनों तक छत्तीसगढ़ में करेंगे प्रचार

Rahul Gandhi Chhattisgarh: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ में प्रचार का मोर्चा संभाल लिया है, जो आज छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। वे कोंडागांव, कांकेर, कवर्धा और राजनांदगांव जिले में आयोजित पार्टी की जनसभाओं में शामिल होंगे। यहां पर वो कांग्रेस के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार भी करेंगे। बता दें कि साल 2023 में ये राहुल गांधी का चौथा छत्तीसगढ़ दौरा है। राहुल इन जनसभाओं में नई चुनावी घोषणाएं कर सकते हैं। वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 30 अक्टूबर को दुर्ग जिले के पाटन विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस नामांकन रैली में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी भी शामिल होंगी।

यह भी पढ़ें:- टिकट कटने के बाद मचे घमासान से कांग्रेस के सामने विकट स्थिति : भाजपा

जानकारी के मुताबिक कांग्रेस नेता राहुल गांधी 7 नवंबर को होने वाले पहले चरण के चुनाव के लिए प्रचार करेंगे। आज वे बस्तर संभाग में रहेंगे। इस दौरान वो कोंडागांव के फरसगांव और कांकेर के भानुप्रतापपुर में सभा को संबोधित करेंगे। वहीं अगले दिन यानी 29 अक्टूबर को राहुल गांधी कवर्धा और राजनांदगांव में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी राजनांदगांव की सभा में नई चुनावी घोषणाएं भी कर सकते हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी पेट्रोल-डीजल पर अपने हिस्से का टैक्स और रसोई गैस की कीमत कम करने का ऐलान कर सकती है। इसके अलावा स्वास्थ्य बीमा की रकम बढ़ाने और महिलाओं को हर साल नगद रकम देने का वादा भी कर सकती है। (Rahul Gandhi Chhattisgarh)

कर्जमाफी दिला सकती है कांग्रेस को दोबारा सत्ता

बता दें कि 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने किसानों के लिए कर्ज माफी की घोषणा की थी। राहुल ने कहा था कि सरकार बनने के 10 दिन के अंदर कांग्रेस पार्टी प्रदेश के किसानों का कर्जा माफ करेगी। ये घोषणा कांग्रेस के लिए गेम चेंजर साबित हुई थी। सरकार बनने के बाद कांग्रेस ने पहली कैबिनेट में किसानों की कर्जमाफी के वादे को पूरा किया था। इस बार फिर कांग्रेस ने कर्जमाफी की घोषणा की है। ऐसे में राजनीतिक पंडित फिर इसे कांग्रेस का मास्टरस्ट्रोक कह रहे हैं। क्योंकि कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए कर्जमाफी सबसे अहम घोषणाओं में से एक थी। (Rahul Gandhi Chhattisgarh)

Related Articles

Back to top button