Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में हादसे के शिकार हुए BSF और CRPF जवान, अलग-अलग जिले में 20 घायल

Raigarh Road Accident: छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। ताजा मामला रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है, जहां चाल्हा गांव के पास BSF जवानों से भरी तेज रफ्तार बस पेड़ से टकरा गई। हादसे में 17 जवान घायल हो गए, जिनमें से 4 जवानों की हालत गंभीर बनी हुई है, उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि जवान चुनाव ड्यूटी के लिए निकले थे। हादसे के समय बस में 32 जवान सवार थे, जो छुही पहाड़ से मतदान केंद्र का निरीक्षण कर लौट रहे थे। इसी दौरान बस का ब्रेक फेल हो गया और वो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में इंसानियत शर्मसार, निजी अस्पताल के कमोड में मिली नवजात

वहीं घटना की जानकारी मिलते ही धरमजयगढ़ SDM दिगेश पटेल और धर्मजयगढ़ SDOP सिद्धांत तिवारी अस्पताल पहुंचे, जिन्होंने जवानों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी जवानों की स्थिति खतरे से बाहर है। सभी का इलाज धरमजयगढ़ अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। इधर, बलरामपुर जिले में CRPF जवान हादसे का शिकार हो गए हैं। दरअसल, CRPF जवानों से भरी कार ट्रक से जा भिड़ी, जिसमें तीन जवान घायल हो गए हैं। जवान छुट्टी मिलने पर जम्मू-कश्मीर से अपने घर आ रहे थे। फिलहाल घायल जवानों की स्थिति खतरे से बाहर है। जानकारी के मुताबिक हादसे में घायल हुए जवान विजय नगर और तातापानी गांव के रहने वाले हैं। (Raigarh Road Accident)

देश में लगातार बढ़ रहा सड़क हादसों का आंकड़ा

कोरबा में भी सड़क हादसा हुआ है, जहां मवेशी को बचाने की कोशिश में तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर नाले में जा गिरी, जिससे कार सवार सभी 6 लोग घायल हो गए, जिसमें से दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा जेंजरा नाले के पास हुआ। कार सवार लोग जांजगीर-चांपा के रहने वाले हैं, जो प्रयागराज से अस्थि विसर्जन से लौट रहे थे। भारत में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की ओर से जारी 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में पिछले साल कुल 4 लाख 61 हजार 312 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं। (Raigarh Road Accident)

Back to top button
error: Content is protected !!