Google Analytics —— Meta Pixel

युवाओं को शून्य प्रतिशत ब्याज में जल्द मिलेगा एजुकेशन लोन: CM विष्णुदेव साय

CM on Education Loan: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बीजापुर स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने युवाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने का पूरा अवसर दिया जाएगा। प्रदेश के युवाओं को अच्छे भविष्य के निर्माण की संभावनाएं मिल रही है। इस मौके पर युवाओं की मांग सुनकर मुख्यमंत्री ने बीजापुर कलेक्टर को आवश्यक निर्देश भी दिए। अब बीजापुर के युवाओं को जल्द ही शून्य प्रतिशत ब्याज में एजुकेशन लोन की सुविधा देने की पहल की जाएगी।

यह भी पढ़ें:- अब शांति की ओर हो रहा अग्रसर बस्तर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नवरात्रि के अवसर पर संवाद कार्यक्रम में युवाओं से मिलना एक शुभ अवसर है। मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार शिक्षा के लिए सजग है, प्रदेश में उच्च शिक्षा संस्थानों की स्थापना के साथ ही जिलों में लाइब्रेरी की सुविधा दी गई है। उन्होंने कहा कि रायपुर के नालंदा परिसर में प्रतियोगी परीक्षा के लिए विद्यार्थियों की सुविधाओं में वृद्धि की गई है। दिल्ली में UPSC की तैयारी के लिए संचालित ट्राइबल यूथ हॉस्टल में सीटों की संख्या बढ़ाई गई, PG में रहने वाले विद्यार्थियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए उनका खर्च शासन की ओर से वहन किया जाएगा। (CM on Education Loan)

   

मुख्यमंत्री साय ने युवाओं के साथ उनके भविष्य, शिक्षा, और रोजगार के मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार युवाओं के विकास और उन्हें बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है। CM साय ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया और सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी, जो उनके सशक्तिकरण में सहायक हो सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने भी मुख्यमंत्री से अपने सवाल पूछे और अपने अनुभव साझा किए। लाइब्रेरी में आयोजित इस युवा संवाद कार्यक्रम ने जिले के युवाओं को एक सकारात्मक मंच दिया, जहां वे अपनी समस्याओं को सीधे मुख्यमंत्री के सामने रख सकें और उनके समाधान के बारे में जान सकें। (CM on Education Loan)

मुख्यमंत्री से बातचीत में युवा राकेश ताती ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र का होने के कारण, मेरी प्रारंभिक शिक्षा दूसरे गाँव में हुई, आज मेरे गांव में पुलिस कैंप के साथ-साथ स्कूल भी खुल गए हैं। राकेश ने बताया कि मैं सहायक प्रोफेसर की तैयारी कर रहा है, लाइब्रेरी से तैयारी करने में बहुत सहायता मिलेगी। रूखसार खान ने बताया कि जिले में अंग्रेजी माध्यम स्कूल खुलने से पढ़ाई का स्तर अच्छा हुआ है, रूखसार ने मुख्यमंत्री से बीएड-डीएड कॉलेज की खोलने की पहल मांग की। सामया हसरत ने साइंस विषय के लिए कॉलेज में प्रोफेसर की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। (CM on Education Loan)

CM साय ने युवाओं को दिया आश्वासन 

मेड के निवासी जगपति कुर्सा ने बताया कि गांव सड़क, बिजली और अन्य विकास कार्य को गति मिल गई है। जगपति ने नीट-जेईई की तैयारी के लिए सेंट्रल लाइब्रेरी में कोचिंग की मांग रखी। पुजारी कांकेर निवासी लक्ष्मण ने बताया कि मेरे गांव में पहले स्कूल नहीं था इसलिए मैंने अपनी पढ़ाई दूसरे गांव में जाकर की, लेकिन मुझे खुशी है कि अब मेरे गांव में स्कूल खुल गया है, अब गांव के बच्चे गांव में ही पढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने युवाओं की बात सुनकर उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। (CM on Education Loan)

नक्सल हिंसा प्रभावितों को मिला नियुक्ति आदेश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर के जिला अस्पताल को 100 बिस्तर से बढ़ाकर 200 बिस्तर करने की घोषणा के साथ ही अंचल के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने नक्सल पुनर्वास नीति के अंतर्गत नक्सल पीड़ित परिवार के 70 आश्रितों को शासकीय नियुक्ति आदेश पत्र भी सौंपा और 19 हजार से ज्यादा तेंदूपत्ता संग्राहकों को 14 करोड़ 9 लाख रुपए की बोनस राशि भी वितरित की। मुख्यमंत्री साय बीजापुर जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में आयोजित नक्सल पुनर्वास नीति के अंतर्गत नक्सल पीड़ित परिवार के आश्रितों को शासकीय नियुक्ति आदेश और तेंदूपत्ता बोनस वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने 263 करोड़ 66 लाख से ज्यादा की लागत से 209 के विकासकार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। (CM on Education Loan)

228 करोड़ 53 लाख के 145 विकासकार्यों का भूमिपूजन और 35 करोड़ 13 लाख के 64 विकासकार्यों का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में बीजापुर में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना, भोपालपटनम में 132 केव्ही की विद्युत सब स्टेशन की स्थापना, 33 नए स्कूल खोलने, केंद्रीय पुस्तकालय और विशेषज्ञ चिकित्सकों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से जोड़ने की घोषणा की। साथ ही प्रयास आवासीय विद्यालय और प्रतियोगिता परीक्षा के लिए कोचिंग की व्यवस्था करने के लिए कलेक्टर को निर्देशित किया। मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में कहा कि बस्तर क्षेत्र में विकास कार्य को गति दी जा रही है। (CM on Education Loan)

CM साय ने कहा कि नियद नेल्ला नार योजना के माध्यम से नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक, खनिज, वन संपदा से परिपूर्ण है। साथ ही यहां के निवासी भी ऊर्जावान है। प्रदेश के विकास में यहां के लोग महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहे हैं। कार्यक्रम को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, वनमंत्री और बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप, बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप ने भी संबोधित किया। (CM on Education Loan)

CM विष्णुदेव साय ने दी सौगात

मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंर्तगत गृह प्रवेश (चाबी वितरण) और आवास स्वीकृति पत्र, तेंदूपत्ता बोनस, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत राशि, किसान क्रेडिट कार्ड, सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त नियद नेल्ला नार हितग्राहियों को प्रमाण पत्र, स्व सहायता समूह चक्रीय निधि, आय, जाति-निवास प्रमाण पत्र और युवाओं को खेल सामग्री का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभागीय स्टालों का निरीक्षण कर वन अधिकार प्रमाण पत्र, विश्वकर्मा योजना का प्रमाण पत्र, ई रिक्शा का वितरण समेत अन्य योजनाओं के लाभार्थियों का सामग्री वितरण किया। कार्यक्रम में बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह, IG सुंदरराज पी., कलेक्टर संबित मिश्रा, SP डॉ. जितेंद्र यादव, जिला पंचायत CEO हेमंत रमेश नंदनवार समेत जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय उपस्थित थे। (CM on Education Loan)

Back to top button
error: Content is protected !!