Google Analytics —— Meta Pixel

सनातन धर्म के उत्थान और सामाजिक जागरूकता में गहिरा गुरु की महत्वपूर्ण भूमिका: CM साय

CM On Gahira Guru: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र में स्थित संत गहिरा गुरु के आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने गहिरा गुरु के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद लिया। वहीं श्री विष्णु महायज्ञ में शामिल होकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने संत गहिरा गुरु के समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गहिरा गांव से उनका गहरा आत्मीय संबंध रहा है। यह पूज्य संत गहिरा गुरु की जन्मस्थली और एक पवित्र धाम है। उन्होंने स्मरण किया कि पहली बार रायगढ़ संसदीय क्षेत्र से सांसद बनने का सौभाग्य भी उन्हें इसी पवित्र भूमि के आशीर्वाद से प्राप्त हुआ था। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्री कार्यकाल में सांसदों को अपने क्षेत्र के किसी एक गांव को गोद लेकर विकास कार्य करने के लिए कहा गया था, तब उन्होंने ग्राम गहिरा को चुना और यहां विकास कार्य किए, हालांकि कुछ काम अधूरे रह गए थे।

यह भी पढ़ें:- राजिम कुंभ कल्प आज से शुरू, देशभर से पहुंचेंगे साधु-संत और श्रद्धालु

मुख्यमंत्री के रूप में फिर ग्राम गहिरा आने पर उन्होंने कहा कि शायद यह उन्हीं अधूरे कार्यों को पूरा करने का अवसर है। मुख्यमंत्री साय ने गहिरा गुरु संत समाज के सनातन धर्म और सामाजिक उत्थान में किए जा रहे योगदान की सराहना करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब जनजातीय समुदाय में धर्मांतरण, सामाजिक बुराइयां और व्यसन बढ़ रहे थे, तब संत गहिरा गुरु ने समाज सुधार का बीड़ा उठाया, गांव-गांव में यज्ञ कराए, रामचरितमानस के पाठ करवाए और समाज को आध्यात्मिक रूप से जागरूक किया। उन्होंने कहा कि आज यह संस्था पूरे प्रदेश में सनातन धर्म को सुदृढ़ करने, समाज को जागरूक करने और संस्कृत की शिक्षा को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने इस बात की भी प्रशंसा की कि संस्था के माध्यम से जनजातीय समुदाय के बच्चे संस्कृत में अध्ययन कर रहे हैं और सनातन संस्कृति के संवर्धन में एक सराहनीय पहल करते हुए विद्यालय व महाविद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। (CM On Gahira Guru)

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने 14 सालों के वनवास का अधिकांश समय छत्तीसगढ़ में बिताया था, जिसके प्रमाण आज भी प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर विद्यमान हैं। उन्होंने प्रयागराज महाकुंभ के लिए प्रदेशवासियों को आमंत्रित करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं के ठहरने की संपूर्ण व्यवस्था छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में सतत विकास और सुशासन को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे प्रत्येक नागरिक को समृद्धि और सुशासन का लाभ मिले। मुख्यमंत्री साय गहिरा गांव में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए और नवविवाहित जोड़ों से परिचय प्राप्त कर उन्हें मंगलमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में संत गहिरा गुरु के आशीर्वाद से सुशासन और विकास का कार्य निरंतर जारी है। हमारी सरकार राज्य की संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखते हुए छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों की ओर ले जाने के लिए दृढ़संकल्पित हैं। (CM On Gahira Guru)

CM विष्णुदेव साय ने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश में सुशासन स्थापित कर विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। इन प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव जनता के बीच स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है, जिससे मतदाताओं का विश्वास और समर्थन हमें मिल रहा है। नगरीय निकायों में भी भाजपा की प्रचंड जीत होगी। इस अवसर पर संत समाज संस्था अध्यक्ष बबरूवाहन महाराज, सचिव खीरेंद्र महाराज, रवि भगत, शान्ता भगत, मनोज सतपती, भास्कर बेहरा, मधुकर सिंघानिया और अन्य लोग उपस्थित थे। मुख्यमंत्री साय ने संत रविदास की जयंती पर उन्हें नमन किया है। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने समाज में समता, एकता और भाईचारे के सिद्धांतों को प्रतिष्ठित किया। (CM On Gahira Guru)

CM साय ने कहा कि उनके उपदेशों ने मानवता की सेवा और सामाजिक समानता का संदेश दिया। संत रविदास ने अपने आध्यात्मिक संदेशों के माध्यम से जातिवाद, भेदभाव और सामाजिक असमानता का विरोध किया और प्रेम, करुणा-परोपकार को जीवन का आधार बनाने पर बल दिया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संत रविदास के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके समय में थे। वे हमें सद्भाव, सामाजिक उत्थान और मानवतावादी मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे संत रविदास के उपदेशों से प्रेरणा लेकर सामाजिक सद्भाव, समानता और सेवा के मूल्यों को आत्मसात करें और समाज को एक बेहतर दिशा देने में योगदान दें। (CM On Gahira Guru)

Back to top button
error: Content is protected !!