बलौदाबाजार की घटना को लेकर सरकार सख्त, CM विष्णुदेव साय ने दिए गिरफ्तारी के आदेश
CM Sai on Balodabazar: बलौदाबाजार में हुई हिंसक घटना को लेकर साय सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। दरअसल, CM साय ने मुख्यमंत्री निवास में घटना को लेकर उच्च स्तरीय बैठक ली, जिसके बाद उपद्रवियों की गिरफ्तारी के आदेश जारी कर दिए। साथ ही घटना की रिपोर्ट मांगी है। वहीं हिंसक घटना की जानकारी मिलते ही डिप्टी CM अरुण साव और गृहमंत्री विजय शर्मा रायपुर पहुंचे, जिन्होंने घटना की जानकारी ली। बता दें कि दोनों को मंगलवार को रायपुर लौटना था। हालांकि घटना के चलते वे सोमवार शाम को ही पहुंच गए।
यह भी पढ़ें:- बलौदाबाजार में हिंसक भीड़ ने BJP विधायक के भतीजे को पीटा, SP-कलेक्टर कार्यालय में लगाई आग
CM साय ने बलौदाबाजार जिले में हुई घटना को लेकर IG और कमिश्नर को निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने मुख्य सचिव और DGP को तलब कर घटना की प्रारंभिक जानकारी ली और रिपोर्ट भी मंगाई है। बता दें कि मुख्यमंत्री साय ने इससे पहले गिरौदपुरी धाम के अमरगुफा के नजदीक जैतखांभ में हुई तोड़फोड़ की न्यायिक जांच के लिए डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा को निर्देशित किया था, जिसके बाद डिप्टी CM ने न्यायिक जांच की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री साय ने सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी से सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। (CM Sai on Balodabazar)
पूर्व CM भूपेश बघेल ने जताई चिंता
वहीं घटना को लेकर पूर्व CM भूपेश बघेल ने चिंता जताई है। उन्होंने ट्वीट कर कहा- बलौदाबाजार में हुई हिंसा की घटना चिंताजनक है। अगर शासन-प्रशासन ने समय पर आवश्यक कदम उठाए होते तो लोगों की नाराजगी को इस हद तक जाने से रोका जा सकता था। सतनामी समाज बाबा घासीदास के बताए शांति और सद्भाव के रास्ते पर चलने वाला समाज है। मैं समाज के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं। (CM Sai on Balodabazar)
PCC चीफ ने सरकार पर लगाया आरोप
PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि मैं लोगों से शांति बनाए रखने का आग्रह करता हूं। सरकार की लापरवाही से यह अप्रिय स्थित निर्मित हुई है। पंद्रह दिनों पहले असामाजिक तत्वों द्वारा पवित्र जैत खम्भ को नुकसान पहुंचाने के मामले मे त्वरित कठोर कार्रवाई की गई होती तो शायद यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना नहीं होती। मैं लोगों से अपील करता हूं संयम और शांति बनाए रखे कानून को हाथ मे न ले। सभ्य समाज मे हिंसा कदापि भी बर्दास्त नहीं। बाबा साहब के बनाए कानून पर भरोसा रखे। (CM Sai on Balodabazar)



