छत्तीसगढ़ के युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए हम संकल्पित: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

CM Sai on Youth: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में ‘कल्पनाएं: बेहतर भारत की’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने रायपुर के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT), भिलाई के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) और रायपुर के भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) के छात्रों के साथ संवाद किया। उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि आप सभी देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में अध्ययन कर रहे हैं। इन संस्थानों में अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी की शिक्षा दी जा रही है। देश में एआई मशीन लर्निंग, ग्रीन हाईड्रोजन जैसी नवीन तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उपराष्ट्रति ने कहा कि भारत जब 2047 में अपनी स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा, तब यह एक सशक्त और विकसित भारत का सपना केवल लक्ष्य नहीं बल्कि सुनिश्चित गंतव्य बन चुका होगा।

यह भी पढ़ें:- विकसित भारत के सपने को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका: उपराष्ट्रपति धनखड़

उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि भारत युवाओं की बदौलत फिर से विश्व गुरू बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करने का आव्हान करते हुए कहा कि आयातित वस्तुओं का इस्तेमाल न कर देश का प्रत्येक नागरिक भारत को सशक्त बनाने में योगदान दे सकता है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि समृद्ध भारत के निर्माण के लिए हमें हमारे गौरवशाली इतिहास और सनातन परंपराओं का गहरा अध्ययन और इसकी गहरी समझ विकसित करनी होगी। भारत देश प्राचीनकाल से ही विश्वगुरु रहा है। तक्षशिला और नालंदा जैसे विश्वविद्यालयों की ख्याति पूरी दुनिया में थी। जो समाज अपने अतीत की घटनाओं से शिक्षा ग्रहण करता है, वही समाज समृद्ध भविष्य के स्वप्न को साकार करता है। (CM Sai on Youth)

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बेहतर भारत के निर्माण के लिए हमें देश के समक्ष उपस्थित चुनौतियों को समझना होगा। आज चाहें सेमीकंडक्टर हों या स्पेस टेक्नालाजी, हमारे देश में बड़ी तेजी से आत्मनिर्भर होने की दिशा में अपना कदम बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए हम ग्रीन जीडीपी पर काम कर रहे हैं। कार्बन उत्सर्जन कम करने के उपायों के साथ हम ग्रीन स्टील को बढ़ावा दे रहे हैं। जहां चुनौती उपस्थित होती है, वहीं संभावनाएं भी छिपी होती हैं। शिक्षा प्रगति का एक महत्वपूर्ण साधन है। प्रदेश में NIT, IIT और IIM जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों का होना यहां की मजबूत शिक्षा व्यवस्था का प्रमाण है। छत्तीसगढ़ के युवा राष्ट्रीय स्तर के शिक्षण संस्थानों से आगे बढ़ रहे हैं। युवाओं के विचारों को सिर्फ एक अनुकूल माहौल चाहिए। हमने उनके स्टार्टअप के सपनों को साकार करने के लिए को-वर्किंग सेंटर स्थापित किए हैं और नवा रायपुर को आईटी हब के रूप में विकसित कर रहे हैं। युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए हम संकल्पित हैं। (CM Sai on Youth)

उपराष्ट्रपति धनखड़ ने इस अवसर पर NIT परिसर में बनने वाले गर्ल्स हॉस्टल की आधारशिला रखी। NIT परिसर में बनने वाला गर्ल्स हॉस्टल SECL की ओर से CSR मद से निर्मित किया जाएगा। कार्यक्रम में उपराष्ट्रति की पत्नी डॉ. सुदेश धनखड़, डिप्टी CM विजय शर्मा, केंद्रीय आवास और शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू, चेयरमैन बोर्ड ऑफ गवर्नर NIT सुरेश हावरे, CMD SECL डॉ. पीएस मिश्रा, IIT डायरेक्टर प्रो. राजीव प्रकाश, IIM के डायरेक्टर प्रो. आर.के. ककानी, NIT के डायरेक्टर प्रो. एनव्ही रमन्ना राव सहित विद्वतजन, NIT, IIM और IIT के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे। (CM Sai on Youth)

Back to top button
error: Content is protected !!