चुनावी रुझानों पर CM साय का बयान, BJP की बढ़त को बताया जनविश्वास का परिणाम

रायपुर/बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज सोमवार को बलरामपुर स्थित भाजपा कार्यालय का दौरा कर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
यह भी पढ़े :- पश्चिम बंगाल में कमल खिलने का स्पष्ट रुझान, टीएमसी को जनता ने कर दिया टाटा बाय बाय : उप मुख्यमंत्री अरुण साव
मुख्यमंत्री ने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं से स्थानीय मुद्दों और विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री साय ने देश के पांच राज्यों में सामने आ रहे शुरुआती चुनावी रुझानों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अधिकांश रुझान भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में हैं, जो जनता के विश्वास और सरकार के विकास कार्यों का परिणाम है।
पश्चिम बंगाल में भाजपा को मिल रही बढ़त पर खुशी जताते हुए उन्होंने इसे लोकतंत्र की जीत बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदाताओं ने विकास, सुशासन और जनकल्याण की राजनीति पर भरोसा जताया है।
उन्होंने विभिन्न राज्यों के मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मौजूदा रुझान इस बात का संकेत हैं कि जनता स्थिर सरकार और विकास को प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा की नीतियां और कार्यशैली लगातार जनता का विश्वास मजबूत कर रही हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री साय एक दिन पहले बलरामपुर दौरे पर पहुंचे थे। रात्रि विश्राम के बाद उन्होंने भाजपा कार्यालय में बैठक ली और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। दौरे के बाद वे अपने अगले निर्धारित कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।



