फिर हिंदी के खिलाफ बोले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन, कहा- जनता को एकजुट होकर विरोध करना होगा

CM Stalin on Hindi: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने फिर हिंदी का विरोध किया है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने अपने 72वें जन्मदिन पर राज्य की जनता से एकजुट होकर जनगणना आधारित सीट बंटवारे और ट्राई लैंग्वेज पॉलिसी का विरोध करने की अपील की। CM स्टालिन ने कहा कि तमिलनाडु दो महत्वपूर्ण चुनौतियों का सामना कर रहा है। पहला भाषा की लड़ाई, जो हमारी पहचान है और दूसरा हमारे निर्वाचन क्षेत्रों का डिलिमिटेशन, जो हमारा अधिकार है। मैं आपसे आग्रह करता हूं कि आप हमारी लड़ाई को लोगों तक पहुंचाएं। निर्वाचन क्षेत्रों का डिलिमिटेशन हमारे राज्य के आत्म-सम्मान, सामाजिक न्याय और लोगों के कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावित करता है। हर व्यक्ति को अपने राज्य की रक्षा के लिए खड़ा होना चाहिए।
यह भी पढ़ें:- भारत में सूफी परंपरा ने अपनी एक अलग पहचान बनाई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन ने 5 मार्च को 40 राजनीतिक पार्टियों को मीटिंग के लिए बुलाया है। इसमें डिलिमिटेशन, NEET परीक्षा, ट्राई लैंग्वेज पॉलिसी और केंद्र से मिलने वाले फंड पर भी चर्चा होगी। इससे पहले उन्होंने कहा था कि जबरन हिंदी थोपने से 100 सालों में 25 नॉर्थ इंडियन भाषाएं खत्म हो गई है। स्टालिन ने कहा कि क्या आपने कभी सोचा है कि हिंदी ने कितनी भारतीय भाषाओं को निगल लिया है? भोजपुरी, मैथिली, अवधी, ब्रज, बुंदेली, गढ़वाली, कुमाऊंनी, मगही, मारवाड़ी, मालवी, छत्तीसगढ़ी, संथाली, अंगिका, हो, खरिया, खोरठा, कुरमाली, कुरुख, मुंडारी और कई अन्य अब अस्तित्व के लिए हांफ रहे हैं। एक अखंड हिंदी पहचान के लिए प्रयास ही प्राचीन मातृभाषाओं को नष्ट करता है। (CM Stalin on Hindi)
स्टालिन बीजेपी नेताओं को घेरा
उन्होंने कहा कि यूपी और बिहार कभी भी सिर्फ “हिंदी हार्टलैंड” नहीं थे। उनकी वास्तविक भाषाएं अब अतीत के अवशेष हैं। तमिलनाडु विरोध करता है, क्योंकि हम जानते हैं कि इसका अंत कहां होगा। वहीं बीजेपी ने स्टालिन के बयान को मूर्खतापूर्ण बताया है। इस पर मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा कि हिंदी की वकालत करने वाले बीजेपी नेता इस बात पर जोर देते हैं कि उत्तर भारत में चाय, पानी पुरी खरीदने या शौचालय का उपयोग करने के लिए आपको हिंदी आनी चाहिए। AI के युग में किसी भी भाषा को स्कूलों में तीसरी भाषा के रूप में लागू करना अनावश्यक है। (CM Stalin on Hindi)
तीन भाषा नीति के मुद्दे का विरोध
CM स्टालिन ने कहा कि उन्नत अनुवाद तकनीक पहले से ही भाषा संबंधी बाधाओं को तुरंत दूर कर देती है। विद्यार्थियों पर अतिरिक्त भाषाओं का बोझ नहीं डाला जाना चाहिए। उन्हें विज्ञान और प्रौद्योगिकी में विशेषज्ञता हासिल करने के साथ-साथ अपनी मातृभाषा और अंग्रेजी में महारत हासिल करने पर ध्यान देना चाहिए। जरूरत पड़ने पर वे बाद में कोई भी भाषा सीख सकते हैं। सच्ची प्रगति नवाचार में निहित है, भाषाई थोपने में नहीं। इधर, फेडरेशन ऑफ स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन्स-तमिलनाडु (FSO –TN) और DMK ने तीन भाषा नीति के मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। (CM Stalin on Hindi)
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने साधा था निशाना
बता दें कि 15 फरवरी को केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने तमिलनाडु की राज्य सरकार पर राजनीतिक हितों को साधने का आरोप लगाया था। वहीं केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने हिंदी भाषा पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन के बयान पर कहा कि मुझे लगता है कि कुछ लोग अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति के लिए राष्ट्रीय एकता पर भी राजनीतिक टिप्पणी करने से चूकते नहीं हैं। निश्चित रूप से हिन्दी पूरे देश को एकता के सूत्र में बांधने वाली भाषा है। वहीं तमिलनाडु के गवर्नर आरएन रवि ने कहा कि हिंदी के विरोध के बीच स्टूडेंट्स को साउथ की भाषा भी देखने को नहीं मिल रही है। यह सही नहीं है। युवाओं को लैंग्वेज चुनने की आजादी मिलनी चाहिए। मैंने साउथ तमिलनाडु के कई हिस्सों के नेताओं, स्टूडेंट, बिजनेस और हेल्थ से जुड़े लोगों से बातचीत की है। उन्होंने NEP को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। (CM Stalin on Hindi)



