Google Analytics —— Meta Pixel

गुरु नानक देव की पावन धरती पर पहुंचे CM साय, नानकसागर के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये का ऐलान

गुरु नानक देव जी का प्रेम, समानता और मानवता का संदेश संपूर्ण समाज के लिए प्रेरणास्रोत: मुख्यमंत्री साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित ऐतिहासिक गढ़फुलझर अब आध्यात्मिक और धार्मिक पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गढ़फुलझर स्थित ऐतिहासिक नानकसागर साहिब गुरुद्वारे के विकास के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। इसके साथ ही क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान का निर्माण भी कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव की पावन स्मृतियों से जुड़े इस ऐतिहासिक स्थल को आस्था, अध्यात्म, सेवा और सामाजिक समरसता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय महासमुंद जिले के बसना विकासखंड अंतर्गत गढ़फुलझर पहुंचे थे। यहां सिख समाज की ओर से आयोजित विशेष कीर्तन समागम में शामिल होकर उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेका और प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली के लिए अरदास की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धापूर्वक शबद कीर्तन का श्रवण भी किया।

करीब 500 साल पुरानी विरासत को संवारने की तैयारी

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव की बात है कि प्रथम सिख गुरु गुरु नानक देव जी महाराज के पावन चरण इस धरती पर पड़े थे। करीब पांच शताब्दी पहले उनके गढ़फुलझर आगमन और प्रवास की स्मृतियां आज भी इस क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक पहचान का हिस्सा हैं।

उन्होंने तत्कालीन राजा भैंना द्वारा गुरु नानक देव के सम्मान में पांच एकड़ भूमि दान किए जाने के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि यह घटना क्षेत्र की उदारता, श्रद्धा और सामाजिक सद्भाव की गौरवशाली परंपरा को दर्शाती है।

सभी समाजों की साझा आस्था का प्रतीक है गढ़फुलझर

मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़फुलझर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि विभिन्न समाजों की साझा आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। सिख समाज के साथ कोलता, आदिवासी और अन्य समुदायों की भावनाएं भी इस ऐतिहासिक स्थल से जुड़ी हुई हैं। सरकार का प्रयास है कि यहां ऐसा वातावरण विकसित हो, जहां आध्यात्मिक शांति के साथ सामाजिक सद्भाव और मानवीय मूल्यों का संदेश भी प्रसारित हो।

गुरु नानक देव की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को प्रेम, करुणा, समानता, परिश्रम और सेवा का मार्ग दिखाया। उनका संदेश किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण की प्रेरणा देता है। ‘सरबत दा भला’ की भावना सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण के लिए काम करने का संदेश देती है।

उन्होंने सिख समाज की सेवा भावना और परोपकार की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि गुरुद्वारों में संचालित लंगर व्यवस्था सामाजिक समानता और भाईचारे का अनूठा उदाहरण है। यहां जाति, धर्म और आर्थिक स्थिति का भेद किए बिना सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। यही गुरु नानक देव की शिक्षाओं का वास्तविक स्वरूप है।

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा : विधायक संपत अग्रवाल

कार्यक्रम में बसना विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि गढ़फुलझर का ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व अत्यंत गौरवशाली है। करीब 500 वर्ष पहले गुरु नानक देव जी के यहां आगमन और प्रवास की स्मृतियां इस स्थल को विशेष पहचान देती हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा नानकसागर के विकास के लिए की गई एक करोड़ रुपये की घोषणा और अन्य निर्माण कार्यों से क्षेत्र को नई गति मिलेगी। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ गढ़फुलझर की पहचान प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर जत्थेदार बाबा साहिब सिंह, राज्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सवन्नी, छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!