इलाज की जगह गंदगी का साम्राज्य! बिलासपुर सिम्स अस्पताल के वार्डों में घूमते मिले कॉकरोच

Cockroaches in Sims Hospital: बिलासपुर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सिम्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल से सामने आई तस्वीरों ने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिस अस्पताल में मरीज बेहतर इलाज और सुरक्षित माहौल की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, वहां अब कॉकरोचों का आतंक देखने को मिल रहा है। अस्पताल के वार्डों में खुलेआम घूमते कॉकरोचों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मरीजों और उनके परिजनों में भारी नाराजगी है। अस्पताल के वार्डों में कॉकरोच बेड और मरीजों के आसपास रेंगते नजर आए हैं। गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था की ये तस्वीरें न सिर्फ अस्पताल प्रशासन की लापरवाही उजागर कर रही हैं, बल्कि मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बढ़ा रही हैं।
यह भी पढ़ें:- एक क्लिक से खाली हुआ बैंक अकाउंट, ‘गूगल अपडेट’ के नाम पर साइबर ठगी का बड़ा खेल
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में लंबे समय से गंदगी और कॉकरोचों की समस्या बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। आखिरकार एक परिजन ने वार्ड का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आ गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक अस्पतालों में इस तरह की गंदगी और कॉकरोच संक्रमण फैलाने का बड़ा कारण बन सकते हैं। ऐसे माहौल में भर्ती मरीजों को संक्रमण और दूसरी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। यही वजह है कि अब अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। मामला सामने आने के बाद सिम्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन ने सफाई दी है। (Cockroaches in Sims Hospital)

अस्पताल अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा कि अस्पताल काफी बड़ा है और लगातार पेस्ट कंट्रोल कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हर वार्ड में नियमित रूप से कॉकरोच ट्रीटमेंट और पेस्ट कंट्रोल की प्रक्रिया की जाती है। साथ ही सफाई कर्मियों को भी विशेष प्रशिक्षण दिया गया है ताकि शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। डॉ. लखन सिंह ने कहा कि पहले भी इस तरह की शिकायतें सामने आई थीं, जिसके बाद सभी सिस्टर इंचार्ज और वार्ड स्टाफ को विशेष निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि नई शिकायतें सामने आई हैं तो उनकी जांच कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि बड़ा सवाल अब भी कायम है कि यदि अस्पताल में नियमित रूप से पेस्ट कंट्रोल किया जा रहा है, तो फिर वार्डों में इतनी बड़ी संख्या में कॉकरोच कैसे नजर आ रहे हैं। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में इलाज के साथ अब संक्रमण का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।

सिम्स अस्पताल की ये तस्वीरें सिर्फ एक अस्पताल की बदहाली नहीं दिखाती, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत भी उजागर करती हैं। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन भले ही सुधार और कार्रवाई के दावे कर रहा हो, लेकिन सवाल यही है कि क्या मरीजों की सुरक्षा सिर्फ कागजों तक सीमित रह गई है। सिम्स मेडिकल कॉलेज अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा है कि अस्पताल बड़ा है, इसलिए चुनौतियां भी हैं। हर वार्ड में नियमित रूप से पेस्ट कंट्रोल कराया जा रहा है। सफाई कर्मियों को ट्रेनिंग दी गई है। अगर कहीं नई शिकायत आई है तो उसकी जांच कर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। (Cockroaches in Sims Hospital)



