लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती के साथ कई महत्वपूर्ण विधेयक हुए पारित: मुख्यमंत्री CM

Conclusion of Budget Session: छत्तीसगढ़ के बजट सत्र के सफल समापन पर मंत्री और विधायकों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से विधानसभा स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री साय ने इस दौरान सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया और सफल सत्र के लिए सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी के समन्वय और सहयोग से ही यह सत्र सार्थक और सफल बन पाया है।
यह भी पढ़ें:- ग्रामीण भारत में बदलाव की नई पहल: VBG-RAM-G से 125 दिन रोजगार की गारंटी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का पावन मंदिर है और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाना ही इसका मूल दायित्व है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस बजट सत्र के दौरान लगभग 585 आत्मसमर्पित नक्सलियों ने विधानसभा की कार्यवाही का अवलोकन किया, जो एक अत्यंत प्रेरणादायक पहल है। इससे यह संदेश गया है कि राज्य सरकार भटके हुए युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है, जिसका सीधा संबंध राज्य की आंतरिक सुरक्षा, शांति और समृद्धि से है।
बजट सत्र में कुल 15 बैठकें आयोजित
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बजट सत्र में कुल 15 बैठकें आयोजित हुईं। यह सत्र अत्यंत महत्वपूर्ण और परिणामकारी रहा। सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में कृतज्ञता व्यक्त की। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पारित किया गया। इसके साथ ही कई महत्वपूर्ण विधायी कार्य भी सम्पन्न हुए। उन्होंने कहा कि इस सत्र में छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक-2026, छत्तीसगढ़ नगर और ग्राम निवेश (संशोधन) विधेयक-2026 तथा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल (संशोधन) विधेयक-2026 जैसे महत्वपूर्ण विधेयक पारित किए गए। (Conclusion of Budget Session)
पारदर्शी भर्ती प्रणाली के लिए मील का पत्थर: CM
CM साय ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में नकल रोकने संबंधी विधेयक और छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल विधेयक भी सर्वसम्मति से पारित हुए, जो युवाओं के भविष्य और पारदर्शी भर्ती प्रणाली के लिए मील का पत्थर साबित होंगे। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सत्र के दौरान सदन के सदस्यों ने कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की, प्रश्न पूछे और अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया, जो लोकतंत्र की मजबूती का प्रमाण है। (Conclusion of Budget Session)
डिजिटल माध्यम से सदन की कार्यवाही पर नजर
उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के जल्द स्वास्थ्य लाभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वे भले ही अस्वस्थता के कारण सदन में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने लगातार डिजिटल माध्यम से सदन की कार्यवाही पर नजर रखी। मुख्यमंत्री ने उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। मुख्यमंत्री साय ने सत्र के सफल संचालन के लिए नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, मंत्रिपरिषद के सदस्यों, सभी विधायक, विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा, सुरक्षाकर्मियों और समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों को विशेष धन्यवाद दिया।
प्रतिनिधियों के योगदान की सराहना
उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आप सभी ने सदन की महत्वपूर्ण कार्यवाही और जनहित के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आखिर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। (Conclusion of Budget Session)



