महाशिवरात्रि के अंतिम स्नान के साथ महाकुंभ का समापन, 45 दिन में 66 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने लगाई संगम में डुबकी

Conclusion of Maha Kumbh: प्रयागराज में महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर अंतिम स्नान के साथ महाकुंभ का समापन हुआ। 45 दिनों के अंदर 66 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई है। यह आंकड़ा अमेरिका की आबादी से दोगुना है। दरअसल, अमेरिका की जनसंख्या करीब 34 करोड़ है। संगम में डुबकी लगाने वालों की ये संख्या 193 देशों की जनसंख्या से ज्यादा है। सिर्फ भारत और चीन की आबादी महाकुंभ में आए श्रद्धालुओं से ज्यादा है। योगी सरकार ने दावा किया है कि दुनिया में हिंदुओं की आधी आबादी के बराबर लोग महाकुंभ आए हैं।
यह भी पढ़ें:- हिंदू वोट चाहते हैं लेकिन महाकुंभ नहीं गए, रामदास अठावले बोले ‘हिंदुओं राहुल गांधी और उद्धव ठाकरे का बहिष्कार करो’
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आयोजित मानवता का ‘महायज्ञ’, आस्था, एकता और समता का महापर्व महाकुंभ-2025 का महाशिवरात्रि के पवित्र स्नान के साथ पूर्णाहुति हुई। 13 जनवरी पौष पूर्णिमा से शुरू महाकुंभ-2025, प्रयागराज में 26 फरवरी महाशिवरात्रि की तिथि तक कुल 45 दिनों में 66 करोड़ 21 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने पावन त्रिवेणी में स्नान का पुण्य लाभ प्राप्त किया। विश्व इतिहास में यह अभूतपूर्व है-अविस्मरणीय है। पूज्य अखाड़ों, साधु-संतों, महामंडलेश्वरों और धर्माचार्यों के पुण्य आशीर्वाद का ही प्रतिफल है कि समरसता का यह महासमागम दिव्य और भव्य बनकर सकल विश्व को एकता का संदेश दे रहा है। (Conclusion of Maha Kumbh)

CM योगी ने कहा कि इस सिद्धि के सूत्रधार सभी गणमान्यजनों, देश-विदेश से पधारे सभी श्रद्धालुओं समेत कल्पवासियों का हार्दिक अभिनंदन और आभार। महाकुंभ के सुव्यवस्थित आयोजन के कर्णधार रहे महाकुंभ मेला प्रशासन, स्थानीय प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्वच्छताकर्मियों, गंगा दूतों, स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, नाविकों, महाकुंभ से जुड़े केंद्र-प्रदेश सरकार के सभी विभागों समेत प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी महानुभावों-संस्थाओं को साधुवाद। विशेष रूप से प्रयागराजवासियों का धन्यवाद, जिनके धैर्य और आतिथ्य सत्कार ने सबको सम्मोहित किया। मां गंगा, भगवान बेनी माधव आप सबका कल्याण करें। (Conclusion of Maha Kumbh)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाशिवरात्रि के अवसर पर रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना की। साथ ही भाजपा सांसद रवि किशन के साथ मानसरोवर मंदिर, मुक्तेश्वर नाथ शिव मंदिर और महादेव झारखंडी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि महादेव के पावन दिवस पर पूरे प्रदेशवासियों, महाकुंभ प्रयागराज, बाबा विश्वनाथ के धाम काशी में और प्रदेश के अन्य सभी महत्वपूर्ण शिवालयों और अन्य सभी श्रद्धालुओं को मैं महाशिवरात्रि की बधाई देता हूं। महादेव कल्याण के देवता हैं उनके कृपा दृष्टि से ही ये सभी व्यवस्था संचालित हो पाती है। अपार श्रद्धा भाव के साथ यहां पर लोग दर्शन कर रहे हैं। हर शिवालय में अपार भीड़ है ये आस्था भारत की एकात्मता का प्रतीक है। मैं आस्था को नमन करता हूं। (Conclusion of Maha Kumbh)

राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने महाकुंभ 2025 के संपन्न होने पर कहा कि अब तो महाकुंभ पर कोई विवाद नहीं होना चाहिए, क्योंकि आधा हिंदुस्तान वहां जा चुका है। हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करना चाहिए कि सभी के मन में आस्था पैदा हुई है। JD(U) नेता के.सी. त्यागी ने कहा कि कुंभ को लेकर किसी भी दल को सवाल नहीं उठाने चाहिए। आशा से ज्यादा भीड़ आई है इसमें कोई दो राय नहीं है। ऐसे भव्य आयोजन को हल्के-फुल्के तरीके से नहीं लेना चाहिए। उत्तरप्रदेश के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कहा कि महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर मैं पूरे प्रदेशवासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। भगवान भोले नाथ की कृपा सब पर बनी रहे। (Conclusion of Maha Kumbh)

उत्तरप्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने महाकुंभ 2025 पर कहा कि पहले दिन से महाकुंभ को सकुशलता से संपन्न कराया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक-एक चीज पर नजर रखी हुई है, जो लोग महाकुंभ आए थे, वे सुखद यादें लेकर वहां से गए हैं। हमें पूरा विश्वास है कि जनता ने हमसे जो अपेक्षा की थी, हमारी सरकार उन सभी अपेक्षाओं पर खरी उतरी है। आज विपक्ष भाजपा का विरोध करते-करते भारत का विरोध करने लगा है। महाशिवरात्रि के अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल में भगवान शिव की शोभायात्रा में शामिल हुए। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने पंचकूला के शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। (Conclusion of Maha Kumbh)

जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने कहा कि कुंभ में भारत की लगभग आधी आबादी पहुंची। सभी जातियों, धर्मों और मतों के लोग यहां एक साथ आए। दुनिया ने हमारी एकता देखी। दुनिया ने हमारी सभ्यता और संस्कृति की झलक देखी। भारत की आधी आबादी ने यहां कुंभ में विश्व के कल्याण के लिए प्रार्थना की। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस भव्य आयोजन के लिए धन्यवाद देता हूं और बधाई देता हूं। काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे विदेशी श्रद्धालुओं ने ‘शिव तांडव स्तोत्र’ का पाठ और ‘हर हर महादेव’ का जाप किया। (Conclusion of Maha Kumbh)

ब्राजील से आए श्रद्धालु कैको बार्सेलोस ने कहा कि हम लोगों से मिलने के लिए लंबी यात्रा करके आए हैं। यह इतिहास का सबसे बड़ा मानवीय समागम है। भारतीय लोगों की मुस्कान अद्भुत है। ब्राजील से आई एक श्रद्धालु डेनियल ने कहा कि यह एक अद्भुत और अविस्मरणीय अनुभव है। हम बहुत दूर से आए हैं और हम अपने लोगों और अपने देश को यह सब दिखाने के लिए बहुत उत्सुक हैं। पूरा कुंभ मेला अद्भुत है। लोग बहुत मिलनसार और स्वागत करने वाले हैं। यह मेरा पहला अनुभव था, और यह अद्भुत था। उत्तरप्रदेश के DGP प्रशांत कुमार ने कहा कि महाकुंभ के 45 दिनों में 65 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने प्रयागराज में पवित्र डुबकी लगाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर हमने भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और तकनीकों का एक अभूतपूर्व मॉडल पेश किया है। (Conclusion of Maha Kumbh)

DGP प्रशांत कुमार ने कहा कि हमने भीड़ प्रबंधन और निगरानी के लिए विश्व स्तरीय तकनीकों और AI का इस्तेमाल किया। सभी एजेंसियों से हमें जो सहयोग मिला, उससे हमें अभूतपूर्व तरीके से प्रदर्शन करने में मदद मिली। अयोध्या, वाराणसी और विंध्यवासिनी देवी जैसे धार्मिक स्थलों पर प्रयागराज के दर्शन करने के बाद पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। महाकुंभ बिना किसी बड़ी त्रासदी के संपन्न हो गया। हमने रेलवे के साथ मिलकर काम किया। हमें पूरा विश्वास था और जैसा कि मैंने पहले कहा कि यह हमारे लिए चुनौती नहीं, बल्कि अवसर है। हमारे कर्मियों ने 45 दिनों तक जमीन पर काम किया और उससे पहले दो महीने तक प्रशिक्षण लिया। हमने कई उदाहरण पेश किए, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेंगे। हमारी सुरक्षा व्यवस्था कुछ और दिनों तक बनी रहेगी, जब तक कि हम अपने सभी उपकरण नष्ट नहीं कर देते। व्यक्तिगत रूप से यह गर्व की बात है और एक अविस्मरणीय अनुभव है। (Conclusion of Maha Kumbh)




