Google Analytics —— Meta Pixel

तोड़फोड़ और अधिकारियों को बंधक बनाने के आरोप में कांग्रेसी पार्षद बर्खास्त

दुर्ग। नगर पालिक निगम रिसाली के वार्ड क्रमांक 16 के कांग्रेसी पार्षद विनय नेताम को पद से बर्खास्त कर दिया गया है। संभागायुक्त S N Rathore ने निगम आयुक्त द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन और जांच रिपोर्ट के आधार पर छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम, 1996 की धारा 19(1)(अ) के तहत यह कार्रवाई की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, निगम आयुक्त द्वारा 19 मार्च 2026 को प्रस्तुत रिपोर्ट में पार्षद विनय नेताम पर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने, पदीय दायित्वों का उचित निर्वहन नहीं करने तथा प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावित करने के गंभीर आरोप लगाए गए थे। मामले की जांच और सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के साक्ष्य, दस्तावेज और तर्कों का परीक्षण किया गया।

जांच में यह आरोप प्रमाणित पाया गया कि पार्षद ने निगम मुख्यालय परिसर स्थित आधार कक्ष में प्रवेश कर तोड़फोड़ की, शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। जांच प्रतिवेदन के अनुसार उन्होंने कार्यालयीन समय में आयुक्त कक्ष सहित अन्य अधिकारियों के कमरों को बंद कर दिया था, जिससे अधिकारी बंधक जैसी स्थिति में आ गए थे।

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि इस दौरान आम नागरिकों को अधिकारियों से मिलने से रोका गया और निगम के नियमित कार्यों में व्यवधान उत्पन्न हुआ। प्रशासन ने इन गतिविधियों को जनहित और प्रशासनिक व्यवस्था के विपरीत माना।

संभागायुक्त ने अपने आदेश में कहा कि उपलब्ध तथ्यों, साक्ष्यों और विधिक प्रावधानों के परीक्षण के बाद यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित पार्षद का आचरण जनप्रतिनिधि के पद की गरिमा और निगम व्यवस्था के अनुरूप नहीं था। इसी आधार पर उन्हें पार्षद पद से हटाने का अंतिम आदेश जारी किया गया।

2024 की घटना से जुड़ा है मामला

बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला मार्च 2024 का है। नेवई थाना में शिकायतकर्ता Amardeep Kumar Sao ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि पार्षद विनय नेताम आधार सेवा केंद्र पहुंचे और वहां गाली-गलौज करते हुए तोड़फोड़ की। शिकायत में कंप्यूटर, प्रिंटर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया था।

मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब प्रशासनिक जांच में आरोप प्रमाणित पाए जाने के बाद पार्षद के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई की गई है।

यह भी पढ़े :- मॉनसून पर अल नीनो का साया: जून से कम बारिश के संकेत, बढ़ सकती है गर्मी की मार

Back to top button
error: Content is protected !!