PM आवास के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका, खड़गे और अखिलेश यादव समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया

Congress Protest in Delhi: संसद के मानसून सत्र के बीच मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के पास लोक कल्याण मार्ग पर कांग्रेस और विपक्षी दलों के नेताओं ने NEET मुद्दे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। शाम करीब साढ़े छह बजे दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में ले लिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कांग्रेस नेताओं ने दोपहर करीब साढ़े तीन बजे प्रधानमंत्री आवास के नजदीक धरना शुरू किया। प्रदर्शन करीब तीन घंटे तक चला। इस दौरान सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन दो बार राहुल गांधी से बातचीत करने पहुंचे। हालांकि बातचीत के बावजूद सहमति नहीं बन सकी।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में UCC पर सियासत तेज, कांग्रेस ने लगाया थोपने का आरोप, बीजेपी ने कहा- आदिवासी समाज के हित पूरी तरह सुरक्षित
शाम करीब साढ़े 6 बजे 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी और पैरामिलिट्री जवान मौके पर पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के चारों ओर घेरा बना लिया और पुलिस को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। करीब आधे घंटे तक धक्का-मुक्की होती रही। इसके बाद पुलिस ने नेताओं को हिरासत में लेकर बसों और पुलिस वाहनों में बैठाकर ले गई। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी जमीन पर बैठे रहे। पुलिस और पैरामिलिट्री के जवान उन्हें हाथ-पैर पकड़कर उठाकर बस तक ले गए। उस समय समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी उनके साथ मौजूद थे। वहीं प्रियंका गांधी वाड्रा को महिला पुलिसकर्मियों ने घेरकर हिरासत में लिया और पुलिस वैन में बैठाया। बस में अखिलेश यादव सबसे आगे बैठे दिखाई दिए। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया। (Congress Protest in Delhi)

सरकार और राहुल के बीच क्या हुई बातचीत ?
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि राहुल गांधी ने शुरुआत में मांग रखी थी कि सरकार संसद में NEET और उससे जुड़े मुद्दों पर चर्चा कराए। सरकार ने यह मांग स्वीकार कर ली थी। जितेंद्र ने कहा कि जब सरकार ने चर्चा के लिए सहमति दे दी तो राहुल गांधी ने अपनी दूसरी मांग रखते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की शर्त जोड़ दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपनी पहले की मांग से पीछे हट गए और बाद में नई मांग जोड़ दी। जब उनको विनम्रता से ये समझाने का प्रयास किया गया कि उनके जैसे वरिष्ठ नेता को इतनी जल्दी अपनी बात से मुकर जाना शोभा नहीं देता तो उन्होंने कहा कि यह उनकी मर्जी है। जब गृह सचिव ने यह समझाने का प्रयास किया कि यह स्थल धरने के लिए अनुकूल नही हैं तो उनका उत्तर था कि ये भी उनकी मर्जी है, वे जहां बैठें। राहुल गांधी जैसे वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष का अपनी बात से मुकर जाना दुर्भाग्यपूर्ण है और लोकतंत्र की हर मर्यादा के विपरीत है। सरकार NEET और उससे संबंधित आंदोलन के साथ जुड़े सभी विषयों पर संसद में चर्चा करने के लिए तैयार है। इसके विपरीत कांग्रेस पार्टी ने आज तक इस गंभीर विषय पर नियमानुसार औपचारिक चर्चा करने का कोई नोटिस नहीं दिया है। राहुल गांधी का व्यवहार लोकतंत्र के ऊसूलों से मेल नहीं खाता है।

प्रदर्शन में विपक्ष के कई नेता हुए शामिल
वहीं कांग्रेस का कहना है कि सिर्फ चर्चा पर्याप्त नहीं है और पेपर लीक जैसे मामलों की जवाबदेही तय करते हुए शिक्षा मंत्री का इस्तीफा भी जरूरी है। कांग्रेस ने इस प्रदर्शन की रणनीति को पूरी तरह गोपनीय रखा। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेता पहले कांग्रेस अध्यक्ष के आवास पर पहुंचे। वहां से सभी पैदल मार्च करते हुए प्रधानमंत्री आवास की ओर निकले। मीडिया को इसकी जानकारी तब मिली, जब नेता प्रदर्शन स्थल से करीब 100 मीटर दूर पहुंच चुके थे। प्रदर्शन में कांग्रेस के अलावा कई विपक्षी दलों के नेता भी शामिल हुए। इनमें समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, कई सांसद और अन्य विपक्षी दलों के नेता मौजूद रहे। हिरासत में लिए जाने के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि वे कायर हैं। वे डरे हुए हैं। हम उनसे नहीं डरते। वे हमसे डरते हैं। कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि यह अंत नहीं है, यह राहुल गांधी के नेतृत्व में एक नई क्रांति की शुरुआत है। वे हमें जेल में डाल सकते हैं, लाठियां मार सकते हैं या दुर्व्यवहार कर सकते हैं, लेकिन मोदी जी को भारत के उन लाखों बेटे-बेटियों को जवाब देना होगा, जिन्होंने पेपर लीक के कारण अपना भाग्य खो दिया है।
ये सत्ता को सीधे तौर पर चुनौती है: RJD सांसद झा
RJD सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि सिर्फ विपक्ष एकजुट नहीं हुआ है। संभवतः बीते 20 सालों में मैंने बहुत आंदोलन देखे हैं मैं ये विषय पढ़ाता भी हूं। मैंने ऐसा नैसर्गिक, स्वतः स्फूर्त लोगों का जमावड़ा नहीं देखा है। ये सत्ता को सीधे तौर पर चुनौती है। सीधे चुनौती है कि आप कितना पर्दा डाल लोगे? आप जिम्मेदारी तय करने से शुरूआत करें। प्रधानमंत्री बड़ी-बड़ी बाते करते हैं आपको बच्चों का दर्द नहीं दिखता? वे किसके बच्चे थे, आपसे क्या मांग रहे थे? कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि हम सभी देश के छात्रों के लिए लड़ रहे हैं। हमें न्याय चाहिए। हम चाहते हैं कि संसद में इस पर चर्चा हो। किसी को भी गिरफ्तारी से डर नहीं है। यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक न्याय नहीं मिल जाता। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि यह देश किस दिशा में जा रहा है या किस दिशा में जाएगा, यह कोई नहीं जानता, क्योंकि NDA सरकार ने जो तरीका अपनाया, उसमें उनकी कोई प्रतिक्रिया या वो कोई बयान नहीं देते। विपक्षी दल कोई मांग करेगी, उनपर भी वो ध्यान नहीं देते हैं। पूरे देश में बहुत आक्रोश है। यह लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है।
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू का निशाना
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष देश के लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। पेपर लीक मामले में 13 लोगों पर कार्रवाई हो चुकी है, जो जेल भेजे जा चुके हैं। कांग्रेस और विपक्ष देश के लोगों का ध्यान भटकाने घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। कल सारे बसों को तोड़ा गया, मेट्रो पर हमला किया गया। RSS को गाली दे रहे हैं। प्रधानमंत्री को गाली दे रहे हैं। क्या ऐसा प्रदर्शन किया जाता है। किसी तरह से राजनीति में सफल हो जाए, इसीलिए विपक्ष का यह षड्यंत्र है। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी अपनी डूबती हुई पार्टी को बचाने के लिए हर तरह की नौटंकी करने का दुष्प्रयास कर रहे हैं, जो कुछ NEET में हुआ, उसे रोकने के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि लोकतंत्र है और इसमें कोई भी विरोध प्रदर्शन कर सकता है। कोई भी कुछ भी बयान दे सकता है। (Congress Protest in Delhi)
राहुल का व्यवहार लोकतंत्र की दृष्टि से अच्छा नहीं: भाजपा सांसद
भाजपा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष की ओर से इस प्रकार का व्यवहार लोकतंत्र की दृष्टि से अच्छा नहीं है। बिना किसी सूचना और अनुमति के प्रधानमंत्री आवास पर जाकर प्रदर्शन करना, यह लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि सदन पक्ष और विपक्ष दोनों के सहयोग से चल सकता है। निरंतर चुनावों में हार की हताशा से निराश विपक्ष संसद में किसी भी प्रकार की चर्चा होने नहीं देना चाहता है और सदन के बाहर आकर बोलते हैं कि चर्चा नहीं हो रही है। भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता के पद की मर्यादा को तोड़ रहे हैं। वे जिस तरह का व्यवहार कर रहे हैं, वो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। उन्हें सदन में सबसे ज्यादा बोलने का मौका दिया जाता है। (Congress Protest in Delhi)
लोक कल्याण मार्ग पर प्रदर्शन की अनुमति क्यों नहीं ?
लोक कल्याण मार्ग प्रधानमंत्री का आधिकारिक आवास क्षेत्र है और इसे हाई-सिक्योरिटी जोन माना जाता है। सुरक्षा कारणों से यहां सामान्य रूप से धरना, प्रदर्शन या जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाती। इस पूरे क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू रहती है, जिसके तहत पांच या उससे ज्यादा लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है। प्रधानमंत्री आवास की सुरक्षा SPG, दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री बलों के जिम्मे होती है। कानूनी प्रावधानों के मुताबिक संसद के बाहर नेता प्रतिपक्ष सहित सभी नागरिकों पर समान सुरक्षा नियम लागू होते हैं और किसी को विशेष छूट नहीं दी जाती। इसी वजह से लोक कल्याण मार्ग को नो-प्रोटेस्ट जोन माना जाता है और बिना अनुमति किसी भी प्रकार का प्रदर्शन या मार्च कानून का उल्लंघन माना जाता है। (Congress Protest in Delhi)



