आज विधानसभा का घेराव करेगी कांग्रेस, स्कूल और मंडीगेट-मोवा रोड बंद

Congress Vidhansabha Gherao: छत्तीसगढ़ में बलौदाबाजार हिंसा, कानून व्यवस्था समेत कई मुद्दों को लेकर आज (24 जुलाई) कांग्रेस विधानसभा का घेराव करने वाली है, जिसे लेकर रायपुर छावनी में तब्दील हो गया है। विधानसभा आने-जाने वाले रोड पर 5 लेयर की बैरिकेडिंग की गई है। बता दें कि सत्ता से जाने और विपक्ष में आने के बाद ये कांग्रेस का सबसे बड़ा प्रदर्शन है। प्रदर्शन को देखते हुए प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने मंडी गेट और अवंती चौक से लेकर विधानसभा के रास्ते तक पड़ने वाले स्कूलों में छुट्टी दे दी है, जिसकी वजह से 15 हजार बच्चे आज स्कूल नहीं पाएंगे। वहीं मंडीगेट-मोवा रोड सुबह 10 से 5 बजे तक बंद रहेगी।
यह भी पढ़ें:- विधानसभा में साय सरकार का पहला अनुपूरक पारित, 7 हजार 329 करोड़ रूपए का प्रावधान
कांग्रेस के विधानसभा घेराव में प्रदेशभर से 5 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। सभी पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों समेत मोर्चा प्रकोष्ठों को प्रदर्शन में भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है। इस प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, PCC चीफ दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव, पूर्व मंत्री रवींद्र चौबे, उमेश पटेल, मोहम्मद अकबर, शिव डहरिया समेत पार्टी के कई पूर्व मंत्री, सभी विधायक और पूर्व विधायक शामिल होंगे। इस प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर कॉलेज और स्कूलों को वैकल्पिक व्यवस्था बनाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस रूट पर पड़ने वाले शिक्षा संस्थानों में ऑनलाइन क्लासेस ली जाएंगी। (Congress Vidhansabha Gherao)
भारी ट्रैफिक के चलते फैसला
दरअसल, इस रूट पर भारी संख्या में कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता विधानसभा घेराव के लिए निकलेंगे, जिससे इस रास्तों से स्कूल या कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को भारी ट्रैफिक समस्या का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए भी यह फैसला लिया गया है। रायपुर पुलिस प्रशासन ने कांग्रेस पार्टी के विधानसभा घेराव के कार्यक्रम को देखते हुए नया ट्रैफिक रूट मैप जारी किया है, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। वहीं पंडरी से बलौदाबाजार जाने वाले रोड पर पड़ने वाले सभी स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। (Congress Vidhansabha Gherao)



