कांग्रेस के आरोप निराधार, पारदर्शिता से हो रहे टेंडर – डिप्टी सीएम साव
रायपुर। महादेव सट्टा एप मामले में चल रही कार्रवाई को लेकर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान कई घोटाले सामने आए, जिनसे प्रदेश को नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार इन मामलों में सख्ती से कार्रवाई कर रही है और जांच के तहत संपत्तियों को सीज किया जा रहा है। साथ ही भ्रष्टाचार के नए तरीकों पर भी नजर रखी जा रही है। राज्य में साइबर अपराधों से निपटने के लिए नए साइबर थानों की स्थापना का कार्य भी जारी है।
यह भी पढ़े :- नवरात्रि के बाद चिकन खाने से पहले सावधान! बिलासपुर में बर्ड फ्लू कन्फर्म, पढ़े पूरी खबर
आबकारी विभाग में मैनपावर ठेका एक ही एजेंसी को दिए जाने के आरोपों पर साव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश में अराजकता और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया, इसलिए उन्हें हर जगह वही नजर आता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी टेंडर प्रक्रियाएं नियमों के तहत पारदर्शी तरीके से की जा रही हैं और कांग्रेस को बेबुनियाद आरोप लगाना बंद करना चाहिए।
नक्सलवाद के मुद्दे पर डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य देश को नक्सलमुक्त बनाना है। बस्तर क्षेत्र में शांति, विकास और खुशहाली लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।
रायपुर में प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण को लेकर कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाएं स्वीकृत हैं और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरकार ठोस रणनीति के साथ काम कर रही है।



