यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया के बयान से मचा बवाल, महाराष्ट्र के CM फडणवीस ने कहा- फ्रीडम ऑफ स्पीच की होती है एक सीमा

Controversy on Youtuber Ranveer: इंडियाज गॉट टैलेंट में यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया के बयान पर बवाल मच गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुझे इस मामले की जानकारी मिली है। हालांकि मैंने यह शो नहीं देखा है। मुझे बताया गया है कि इस शो में बहुत गलत तरीके से चीजों को प्रस्तुत किया जा रहा है, जो बिल्कुल अनुचित है। ‘फ्रीडम ऑफ स्पीच’ सबके लिए है, लेकिन हमारी आजादी वहीं खत्म हो जाती है, जहां हम किसी और की स्वतंत्रता का अतिक्रमण करने लगते हैं। हर किसी की एक सीमा होती है और यह ठीक नहीं है। हमने अश्लीलता को लेकर कुछ नियम बनाए हैं, अगर कोई उन्हें तोड़ता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:- यूट्यूबर रणवीर अलाहबादिया ने पेरेंट्स को लेकर किए भद्दे कमेंट, मचा बवाल
शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि मेरा मानना है कि अगर संविधान ने हमें अभिव्यक्ति की आजादी दी है तो उसके साथ-साथ सावधानियां, जिम्मेदारियां भी दी हैं। एक प्लेटफॉर्म पर कॉमेडी की आड़ में आप जिस भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिस तरह का कंटेंट आप बना रहे हैं, उससे पूरे युवा वर्ग को यह अहसास होता है कि यह भाषा सामान्य है, अपने माता-पिता की आत्मीयता के बारे में बोलना सामान्य है। सीमाएं होना बहुत जरूरी है। मैं इस मुद्दे को आईटी कमेटी में उठाने वाली हूं। शिवसेना नेता राजू वाघमारे ने कहा कि शिवसेना इस यूट्यूबर को चेतावनी देना चाहती है कि हमारी माताओं और बहनों का ऐसा अपमान नहीं किया जाना चाहिए। उन्हें अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए। अगर तब भी वे नहीं मानते, तो हम उनका शो बंद करने की कोशिश करेंगे और फिर से उन्हें ऐसे बयान देने से कानूनी रूप से रोकने की कोशिश करेंगे।
यह ‘वायरस’ कोविड से ज्यादा खतरनाक: मुंतशिर
JMM सांसद महुआ माजी ने कहा कि कुछ समय पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन्हें सम्मान भी मिला था। कम से कम उस सम्मान के मान के लिए उन्हें इस तरह की बात नहीं करनी चाहिए थी। यूट्यूब के माध्यम से युवाओं के बीच एक नई संस्कृति को बढ़ावा दिए जाने का प्रयास हो रहा है। मनोज मुंतशिर ने भी इसे लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि कॉमेडी का यह स्तर इंसानियत को तार-तार कर चुका है। यह ‘वायरस’ कोविड से ज्यादा खतरनाक है, जो हमारे मोबाइल फोन्स तक पहुंच गया है। यह पिशाच और ठरकी मानसिकता हमारी आने वाली पीढ़ी और संस्कारों को खत्म करने का संकल्प ले चुकी है। उन्होंने आगे कहा कि हमें अब जागना चाहिए। यह सभी माता-पिता के लिए एक अलार्म है। अगर हमने अब ध्यान नहीं दिया तो हमारे बच्चों और हमारे महान राष्ट्र का सर्वनाश हो जाएगा। सूचना और प्रसारण मंत्रालय को इस मामले पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।

बॉम्बे हाईकोर्ट के एडवोकेट आशीष राय ने शो को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि शो के वीडियो में महिलाओं को लेकर गलत बातें की गई है। इन भद्दे कमेंट के बाद वहां मौजूद लोग भी हंसते दिखे, जिससे यह साफ होता है कि उनकी मंशा महिलाओं के प्रति सम्मानजनक नहीं थी। इन वीडियो का मकसद सिर्फ पॉपुलैरिटी पाना था। महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां कर ये लोग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के जरिए पैसे कमाना चाहते हैं। यह सीधा-सीधा अपराध है। समाज या किसी भी वर्ग के खिलाफ गलत बयानबाजी करना कानूनी तौर पर गलत है। खासकर जब यह कंटेंट छोटे बच्चों तक भी पहुंच सकता है। हमारा काम शिकायत दर्ज कराना था, अब एक्शन लेना पुलिस और प्रशासन का काम है। देखते हैं वे अपनी जिम्मेदारी कितनी निभाते हैं।



