नारायणपुर में अंतिम संस्कार को लेकर विवाद, ग्रामीणों के विरोध के बाद शव भेजा गया बाहर

Controversy over Funeral: नारायणपुर जिले में एक बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। मामला बेनूर क्षेत्र अंतर्गत मातला ग्राम पंचायत के आश्रित गांव पटेलपारा का है, जहां एक महिला के निधन के बाद ग्रामीणों और परिजनों के बीच अंतिम संस्कार के स्थान को लेकर मतभेद सामने आ गया। हालांकि पुलिस और प्रशासन की समय पर पहल से मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझा लिया गया और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। जानकारी के मुताबिक पटेलपारा की रहने वाली 65 साल की बुधाय कोर्राम लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थी। सोमवार को उनका निधन हो गया। निधन की सूचना मिलते ही परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए और गांव में ही शव दफनाने की व्यवस्था करने लगे। इसी बीच गांव के कुछ लोग मृतिका के घर के बाहर इक्ट्ठा हो गए और गांव में शव दफनाने का विरोध शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें:- सुकमा में प्रार्थना सभा के दौरान हिंसक झड़प, कई लोग घायल, गांव में भारी तनाव
ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित परिवार कई सालों पहले अपने पारंपरिक धर्म और रीति-रिवाजों को छोड़कर ईसाई धर्म को अपना चुका है। ग्रामीणों के मुताबिक पूर्व में परिवार में हुई एक अन्य मृत्यु के दौरान भी इसी प्रकार की स्थिति बनी थी, तब परिवार के सदस्यों ने गांव की परंपराओं का पालन करने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में परिवार फिर ईसाई धर्म का पालन करने लगा, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई थी। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने गांव के पारंपरिक दफन स्थल में अंतिम संस्कार की अनुमति देने से इनकार कर दिया और विरोध करते हुए धरने पर बैठ गए। दूसरी ओर मृतिका के परिजन गांव में ही अंतिम संस्कार कराने की मांग पर अड़े रहे। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही बेनूर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। बाद में एसडीओपी अविनाश कंवर और थाना प्रभारी मुकेश्वर ध्रुव भी गांव पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से अलग-अलग चर्चा की और विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास किया।
काफी देर तक चली बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी। प्रशासन की मौजूदगी में निर्णय लिया गया कि मृतिका के शव को अंतिम संस्कार के लिए नारायणपुर भेजा जाएगा। इसके बाद शव वाहन की व्यवस्था कर मृतिका के शव को नारायणपुर रवाना किया गया, जहां अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील मामले को देखते हुए पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी गई। समय रहते हस्तक्षेप किए जाने के कारण किसी प्रकार की कानून व्यवस्था संबंधी समस्या उत्पन्न नहीं हुई। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है और पुलिस एहतियात के तौर पर निगरानी बनाए हुए हैं। इस घटना ने एक बार फिर बस्तर क्षेत्र में पारंपरिक सामाजिक व्यवस्थाओं, धार्मिक पहचान और अंतिम संस्कार संबंधी अधिकारों को लेकर चल रही बहस को सामने ला दिया है। प्रशासन का कहना है कि सभी पक्षों की भावनाओं का सम्मान करते हुए कानून और शांति व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है। (Controversy over Funeral)



