Google Analytics —— Meta Pixel

नारायणपुर में धर्मांतरण विवाद से बढ़ा तनाव, 26 परिवारों को छोड़ना पड़ा गांव, जानिए क्या है पूरा मामला ?

Conversion Controversy in Narayanpur: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के भरण्डा गांव में धर्मांतरण को लेकर शुरू हुआ विवाद सामाजिक टकराव में बदल गया। आरोप-प्रत्यारोप और बढ़ते तनाव के बीच 26 ईसाई मतांतरित परिवारों को गांव छोड़कर बाहर रहने के लिए मजबूर होना पड़ा। कई दिनों तक चले विवाद के बाद प्रशासन ने हस्तक्षेप किया और करीब 12 घंटे तक चली मैराथन बैठक समेत 14 दौर की चर्चाओं के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी, जिसके बाद प्रभावित परिवार अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं। जानकारी के मुताबिक विवाद की शुरुआत 9 जून को हुई थी। ग्रामीणों ने दीपक ठाकुर और भुनेश्वरी ठाकुर नाम के दंपती पर धर्मांतरण कराने और स्थानीय धार्मिक मान्यताओं के खिलाफ टिप्पणी करने का आरोप लगाया। 

यह भी पढ़ें:- जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध खनन पर बड़ा एक्शन, 4 आरोपी हिरासत में

ग्रामीणों का कहना था कि धर्मांतरण के कारण गांव की पारंपरिक संस्कृति, रीति-रिवाज और देवी-देवताओं के प्रति सम्मान प्रभावित हो रहा है। वहीं दूसरी ओर मतांतरित परिवारों का आरोप था कि उन्हें उनकी धार्मिक आस्था के कारण निशाना बनाया जा रहा है और गांव में रहने से रोका जा रहा है। मामला धीरे-धीरे बढ़ता गया। इस बीच 20 जून को जनजातीय मंच और सर्व समाज के नेतृत्व में बड़ी आक्रोश रैली निकाली गई। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की और सात दिन का अल्टीमेटम दिया। इसके बाद पुलिस ने जांच के दौरान दो आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर 22 जून को दीपक ठाकुर और भुनेश्वरी ठाकुर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। हालांकि गिरफ्तारी के बाद भी गांव में तनाव कम नहीं हुआ। (Conversion Controversy in Narayanpur)

गांव छोड़ने को मजबूर हुए 26 परिवार

स्थिति 24 जून को उस समय और गंभीर हो गई, जब 26 मतांतरित परिवार गांव से बाहर श्मशान घाट के पास पुलिस सुरक्षा में रहने को मजबूर हो गए। परिवारों का आरोप था कि उन्हें गांव से बाहर कर दिया गया है, जबकि ग्रामीणों का कहना था कि धर्मांतरण के कारण सामाजिक और धार्मिक विवाद पैदा हो रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीएम और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में पूरे दिन दोनों पक्षों के बीच बातचीत चली। करीब 12 घंटे की मैराथन चर्चा और 14 दौर की बैठकों के बाद देर रात दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। समझौते के तहत गांव में शांति बनाए रखने, किसी भी प्रकार की उकसाने वाली गतिविधियों से बचने, आपसी संवाद जारी रखने और विवादों को बातचीत के माध्यम से सुलझाने पर सहमति बनी। साथ ही अगले एक माह तक गांव की स्थिति की समीक्षा करने का फैसला लिया गया है। (Conversion Controversy in Narayanpur)

पुलिस ने पति-पत्नी को किया गिरफ्तार

समझौते के बाद अब 26 परिवार अपने घरों की ओर लौट रहे हैं और गांव में सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास जारी हैं। हालांकि प्रशासन ने कहा है कि एहतियात के तौर पर गांव में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था फिलहाल जारी रहेगी। डीएसपी आशीष नेताम के मुताबिक भरण्डा थाना में मामला दर्ज किया गया था। जांच में संलिप्तता पाए जाने पर कोंडागांव के सोनाबल गांव के रहने वाले 22 जून को दीपक ठाकुर (43 साल) और भुनेश्वरी ठाकुर (37 साल) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। हालांकि समझौते के बाद गांव में स्थिति सामान्य होती दिखाई दे रही है, लेकिन प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था बरकरार रखी है। अधिकारियों का कहना है कि अगले एक माह तक गांव की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि किसी प्रकार का नया विवाद न उभरे। इस पूरे घटनाक्रम ने बस्तर में धर्मांतरण, आदिवासी परंपराओं और सामाजिक सौहार्द को लेकर एक बार फिर बड़ी बहस छेड़ दी है। अब सवाल यह है कि आखिर बस्तर में धर्मांतरण को लेकर ऐसे विवाद बार-बार क्यों सामने आ रहे हैं और इन्हें स्थायी रूप से रोकने के लिए क्या उपाय किए जाने चाहिए।

Back to top button
error: Content is protected !!