एशिया के कई देशों में फिर बढ़े कोरोना के मामले, मुंबई में 2 कोविड पॉजिटिव मरीजों की मौत
Corona Case in India: एशिया के कई देशों में कोरोना वायरस के मामले फिर बढ़ने लगे हैं, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है। इस बीच महाराष्ट्र के मुंबई के KEM अस्पताल में कोरोना वायरस के चलते 2 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि इनकी मौत कोविड से नहीं, बल्कि पुरानी बीमारियों की वजह से हुई है। एक मरीज को मुंह का कैंसर था और दूसरे को किडनी से जुड़ी बीमारी नेफ्रोटिक सिंड्रोम थी। इस बीच महाराष्ट्र में बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में अब तक 53 कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं।
यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh youth knife attack : जगदलपुर के गुरु गोविंद चौक पर चाकूबाजी, वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी गिरफ्तार
बता दें कि चीन, सिंगापुर, हॉन्गकॉन्ग और थाईलैंड समेत कई देशों में मामले फिर से बढ़ रहे हैं। इस बीच भारत में भी नए मामलों की संख्या में इजाफा हो रहा है। 12 मई से अब तक 164 नए मामले सामने आए हैं। हालांकि भारत में अभी 257 एक्टिव मामले हैं, जिनमें केरल, महाराष्ट्र और तमिलनाडु सबसे आगे हैं। पिछले हफ्ते केरल में 69 नए मामले सामने आए थे। जबकि महाराष्ट्र में 44 और तमिलनाडु में 34 नए मामले सामने आए। अभिनेत्री शिल्पा शिरोडकर भी दूसरी बार कोविड पॉजिटिव हो गई हैं। हालांकि कहा जा रहा है कि ज्यादातर मामले हल्के हैं, असामान्य गंभीरता या मृत्यु दर से जुड़े नहीं हैं। (Corona Case in India)
भारत में कोरोना के 257 एक्टिव केस
कोरोना के बढ़ते मरीजों के मद्देनजर, स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक (DGHS) की अध्यक्षता में राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (NCDC), आपातकालीन चिकित्सा राहत (EMR) प्रभाग, आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ, भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) और केंद्र सरकार के अस्पतालों के विशेषज्ञों की समीक्षा बैठक बुलाई गई। बैठक में निष्कर्ष निकाला गया कि भारत में वर्तमान कोविड-19 स्थिति नियंत्रण में है। 19 मई 2025 तक भारत में सक्रिय कोविड-19 मामलों की संख्या 257 है, जो देश की बड़ी आबादी को देखते हुए बहुत कम आंकड़ा है। इनमें से लगभग सभी मामले हल्के हैं, जिनमें अस्पताल में भर्ती होने की आवश्यकता नहीं है। देश में एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (IDSP) और ICMR के माध्यम से कोविड-19 समेत श्वसन वायरल बीमारियों की निगरानी के लिए एक मजबूत प्रणाली भी मौजूद है। (Corona Case in India)
चीन में कोरोना जांच में मामले हुए दोगुने
जानकारी के मुताबिक सिंगापुर में 1 मई से 19 मई के बीच 3 हजार मरीज सामने आए हैं। अप्रैल के आखिरी हफ्ते तक यह आंकड़ा 11 हजार 100 था। मामलों में 28 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। हॉन्गकॉन्ग में जनवरी से अब तक 81 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 30 लोगों की मौत हो चुकी है। चीन और थाईलैंड में भी अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि मरीजों की संख्या के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। चीन में बीमारियों की जांच करवाने जा रहे मरीजों में कोरोना वायरस पाए जाने के मामले दोगुने हो गए हैं। लोगों को बूस्टर शॉट लेने की सलाह दी गई है। वहीं थाइलैंड में दो अलग-अलग इलाकों मे तेजी से कोविड केस बढ़ने के मामले सामने आए हैं। (Corona Case in India)



