Bihar assembly Elections : बिहार चुनाव की उलटी गिनती शुरू, आज शाम 4 बजे आएगा कार्यक्रम

Bihar assembly Elections : निर्वाचन आयोग आज सोमवार को बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar assembly Elections) 2025 का कार्यक्रम घोषित करेगा। चुनाव आयोग शाम 4 बजे संवाददाता सम्मेलन कर विस्तृत जानकारी साझा करेगा। बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है।
यह भी पढ़े :- शरद पूर्णिमा आज: चंद्रमा बरसाएगा अमृत, लक्ष्मी-विष्णु पूजन से मिलेगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद
त्योहारों को देखते हुए चुनाव कार्यक्रम
राजनीतिक दलों ने आयोग से आग्रह किया है कि अक्टूबर के अंत में छठ पर्व के तुरंत बाद चुनाव कराए जाएं, ताकि बड़ी संख्या में बाहर काम करने वाले प्रवासी मतदाता मतदान में हिस्सा ले सकें। इस बार दिवाली और छठ पर्व 18 अक्टूबर से 28 अक्टूबर के बीच पड़ रहे हैं, ऐसे में संभावना है कि आयोग इन्हीं तारीखों को ध्यान में रखकर कार्यक्रम तय करेगा।
चुनावी तैयारियों की समीक्षा
मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को बिहार में चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। इस प्रतिनिधिमंडल में चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी भी शामिल थे। समीक्षा के एक दिन बाद ही चुनावी तारीखों की घोषणा होने जा रही है।
मुकाबले की तस्वीर
2025 के चुनाव में मुकाबला सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-जनता दल यूनाइटेड (जदयू) गठबंधन और विपक्षी महागठबंधन (राजद-कांग्रेस) के बीच होगा। वहीं, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमाएगी।
पिछला विधानसभा चुनाव
2020 का बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar assembly Elections) कोविड-19 महामारी की पृष्ठभूमि में तीन चरणों में हुआ था। मतदान 28 अक्टूबर, 3 नवंबर और 7 नवंबर को हुआ था, जबकि नतीजे 10 नवंबर को आए थे। उस चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को 125 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि महागठबंधन 110 सीटों पर सिमट गया था।



