Google Analytics —— Meta Pixel

शरद पूर्णिमा आज: चंद्रमा बरसाएगा अमृत, लक्ष्मी-विष्णु पूजन से मिलेगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद

Sharad Purnima 2025: सनातन धर्म में अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाने वाली शरद पूर्णिमा का पर्व आज यानी 6 अक्टूबर को मनाया जा रहा है। पंचांग के मुताबिक आश्विन मास की पूर्णिमा तिथि आज दोपहर 12:23 बजे से शुरू होकर 7 अक्टूबर सुबह 9:16 बजे तक रहेगी। इस दिन को विशेष रूप से चंद्रमा की चांदनी, अमृत वर्षा और देवी लक्ष्मी के प्राकट्य दिवस के रूप में जाना जाता है। मान्यता है कि बरसात के बाद का स्वच्छ वातावरण चांदनी की किरणों को विशेष रूप से पवित्र बना देता है। कहा जाता है कि इसी दिन चंद्रमा पृथ्वी के सबसे निकट होता है और अपनी 16 कलाओं से पूर्ण होता है। ज्योतिष मान्यता के मुताबिक चंद्रमा की इन अमृतमयी किरणों से शरीर-मन दोनों को शांति और ऊर्जा प्राप्त होती है।

यह भी पढ़ें:- IND vs PAK : भारत की बेटियों ने पाकिस्तान को 88 रनों से हराया, ODI में दर्ज की लगातार 12वीं जीत

शरद पूर्णिमा का दिन भगवान श्री हरि विष्णु और माता लक्ष्मी की आराधना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। धार्मिक ग्रंथों में उल्लेख है कि इसी दिन देवी लक्ष्मी का प्राकट्य हुआ था। साथ ही इस तिथि को भगवान कार्तिकेय का जन्म और भगवान श्रीकृष्ण द्वारा महारास का आयोजन भी इसी दिन हुआ था। (Sharad Purnima 2025)

जानिए पूजा विधि

  • सुबह स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करें।
  • भगवान विष्णु-लक्ष्मी और चंद्र देवता के पूजन का संकल्प लें।
  • पूजा स्थान को स्वच्छ कर ईशान कोण में चौकी पर कपड़ा बिछाएं और उस पर भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और चंद्र देवता की प्रतिमा या चित्र स्थापित करें।
  • गंगाजल छिड़कें और धूप, दीप, पुष्प, चंदन, अक्षत, मिष्ठान और तुलसी अर्पित करें।
  • फिर भगवान विष्णु के मंत्र- ॐ नमः भगवते वासुदेवाय नमः का जाप करें।

चंद्रमा को अर्घ्य और खीर अर्पित करने की परंपरा

  • रात्रि में चंद्रोदय के समय दूध, गंगाजल, चावल, सफेद पुष्प और दूर्वा मिलाकर चंद्रमा को अर्घ्य दें। इसके बाद माता लक्ष्मी की आराधना करें।
  • रात में मखाने, केसर, इलायची और मिश्री युक्त खीर बनाकर उसे जाली से ढककर चंद्रमा की रोशनी में रखें।
  • माना जाता है कि चांदनी में रखी खीर में अमृत तत्व का संचार होता है। यह खीर बाद में प्रसाद स्वरूप ग्रहण की जाती है और दूसरों को भी वितरित की जाती है। (Sharad Purnima 2025)

स्वास्थ्य और आध्यात्मिक महत्व

धार्मिक मान्यता है कि शरद पूर्णिमा की रात चंद्रमा की अमृत किरणों का स्पर्श शरीर और मन दोनों को शीतलता और स्फूर्ति देता है। चंद्रमा को मानसिक शांति का कारक माना गया है। इस दिन की पूजा और व्रत से धन, सौभाग्य और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। माना जाता है कि चंद्रमा की रोशनी में रखी खीर का सेवन करने से रोगों से रक्षा होती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। (Sharad Purnima 2025)

Back to top button
error: Content is protected !!