Google Analytics —— Meta Pixel

शेयर बाजार में दोगुने मुनाफे का झांसा देकर 2 करोड़ की ठगी, दंपती गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। शेयर बाजार में निवेश के नाम पर दो करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले शातिर पति-पत्नी को चांपा पुलिस ने नया रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक जब्त की हैं।

बैंक कर्मचारी बताकर जीता भरोसा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चांपा निवासी बैटरी व्यापारी हेमदत्त केशरवानी ने 24 मई को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उनकी पहचान हरिशंकर गुप्ता और उसकी पत्नी रेखा गुप्ता से थी। हरिशंकर ने खुद को यूनियन बैंक चांपा का कर्मचारी बताकर शेयर ट्रेडिंग के जरिए रकम दोगुनी करने का लालच दिया था।

झांसे में आकर पीड़ित और अन्य निवेशकों ने बैंक लोन, चेक और आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से कुल 2 करोड़ 4 लाख 97 हजार 502 रुपये आरोपियों के खातों में स्थानांतरित कर दिए।

39 लाख लौटाकर बाकी डकारे, फिर हुए फरार

शुरुआत में आरोपियों ने विश्वास बनाए रखने के लिए निवेशकों को केवल 39 लाख 99 हजार 400 रुपये वापस किए। इसके बाद शेष राशि लौटाने में टालमटोल करने लगे और अचानक शहर छोड़कर फरार हो गए।

नया रायपुर से घेराबंदी कर दबोचा

अपराध दर्ज होने के बाद चांपा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों (Cyber Cell) और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने नया रायपुर स्थित एक ठिकाने पर दबिश देकर आरोपी हरिशंकर गुप्ता (43) और उसकी पत्नी रेखा गुप्ता (42) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल

चांपा पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी में इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और वित्तीय दस्तावेज जब्त किए हैं। बुधवार को दोनों आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत अदालत में पेश किया गया, जहाँ से न्यायालय ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

यह भी पढ़े :-

Back to top button
error: Content is protected !!