प्यार का दर्दनाक अंत: महासमुंद में 48 घंटे में दो प्रेमी जोड़ों ने की खुदकुशी, रिश्तों पर दबाव या कुछ और ?

Couple Suicide in Mahasamund: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां दो दिनों के भीतर दो प्रेमी जोड़ों ने जान दे दी। इन घटनाओं ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से क्षेत्र में डर, चिंता और कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला पिथौरा थाना क्षेत्र का है, जहां सोमवार सुबह एक प्रेमी जोड़े की लाश पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकी मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें:- आधुनिक तकनीक और संवेदनशीलता ही नई पुलिसिंग की पहचान: सीएम साय
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृत प्रेमिका खल्लारी थाना क्षेत्र के धरमपुरा गांव की रहने वाली बताई जा रही है, जबकि युवक पटेवा थाना क्षेत्र के बनपचरी गांव का निवासी था। घटनास्थल पिथौरा क्षेत्र के पोटापारा गांव के पास का बताया जा रहा है, जहां ग्रामीणों ने सुबह पेड़ पर दोनों के शव लटके देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल को घेरकर बारीकी से जांच की, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। हालांकि लड़की के हाथ पर अंकिता नाम का टैटू गुदा हुआ मिला है और पास में मिले आधार कार्ड के आधार पर उसे नाबालिग होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस पहलू को गंभीरता से जांच में शामिल कर रही है।

एक दिन पहले भी हुई थी ऐसी ही घटना
इससे पहले रविवार को भंवरपुर थाना क्षेत्र में भी एक प्रेमी जोड़े की लाश पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकी मिली थी। मृतक युवक की पहचान मुड़ीडीह गांव निवासी 28 साल के सूरज सेन के रूप में हुई थी, जबकि युवती 21 साल की बताई जा रही है, जो बिलाईगढ़ क्षेत्र की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि दोनों के परिजन उनके रिश्ते से नाराज थे। इसी कारण 25 मार्च को दोनों घर से लापता हो गए थे और 29 मार्च की सुबह उनकी लाश पेड़ पर लटकी मिली। इस मामले में पारिवारिक असहमति को आत्महत्या की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। (Couple Suicide in Mahasamund)
जांच में जुटी पुलिस, उठ रहे कई सवाल
लगातार दो दिनों में एक जैसी घटनाओं के सामने आने से पुलिस भी सतर्क हो गई है। महासमुंद एएसपी प्रतिभा पांडेय ने बताया कि दोनों मामलों में जांच जारी है और हर एंगल से पड़ताल की जा रही है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। इन घटनाओं ने समाज के सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या पारिवारिक दबाव, सामाजिक बंधन या अन्य मानसिक कारण युवाओं को इस कदर मजबूर कर रहे हैं कि वे अपनी जान तक दे रहे हैं ? खुदकुशी किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आत्महत्या जैसे विचार आ रहे हैं तो इसे नजरअंदाज न करें। यह एक आपात स्थिति है। आप तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 या टेली-मानस हेल्पलाइन 1800914416 पर संपर्क कर सकते हैं। यहां आपकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और विशेषज्ञ आपको सही मार्गदर्शन देते हैं। क्योंकि-जान है तो जहान है।



