Chhattisgarh News : नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर सख्ती, बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं जब्त

रायपुर : नशीली दवाओं के दुरुपयोग (Ban on Drug Abuse) पर रोक लगाने के लिए राज्य भर में औषधि विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है। हाल ही में कई जिलों में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं जब्त की गईं और आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
कबीरधाम और रायपुर में कार्रवाई:
पंडरिया (कबीरधाम) में प्रतिबंधित औषधि की 200 स्ट्रिप जब्त की गई। वहीं रायपुर में कोडीन फॉस्फेट युक्त दवाओं की अवैध बिक्री पर कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों से 120 नग प्रतिबंधित औषधियां बरामद की गईं। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
गरियाबंद में मेडिकल स्टोर पर छापा:
गरियाबंद जिले के कोपरा स्थित चंदन मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर रिकॉर्ड में अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद संचालक के खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 और नियमावली 1945 के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।
महासमुंद में बैठक:
नगर पालिका कार्यालय में मेडिकल संचालकों की बैठक कर ‘नशामुक्त महासमुंद’ अभियान पर चर्चा हुई। सभी दवा विक्रेताओं ने समाज को नशे से बचाने में सहयोग देने का आश्वासन दिया।
जागरूकता अभियान:
औषधि विभाग लगातार जागरूकता कार्यक्रम चला रहा है। बेमेतरा टाउन हॉल में महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ मिलकर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। वहीं कोंडागांव, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर और राजनांदगांव जिलों के विद्यालयों में छात्रों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। (Ban on Drug Abuse)
एम्स रायपुर में निरीक्षण:
राज्य औषधि नियंत्रण प्रशासन और केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) की टीम ने एम्स रायपुर के सेंट्रल फार्मेसी स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान हिंदुस्तान एंटीबायोटिक्स लिमिटेड, पुणे की कुछ दवाइयों के विधिक नमूने लेकर परीक्षण हेतु भेजे गए। (Ban on Drug Abuse)



