अंबिकापुर में झाड़-फूंक के नाम पर ठगी और अपहरण की कोशिश, तीन आरोपी गिरफ्तार

Crime in Ambikapur: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में झाड़-फूंक के बहाने ठगी और अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, उदयपुर के मूडगांव के रहने वाले हीरा सिंह की पत्नी ठबूरी बाई लंबे समय से बीमार चल रही थी। लगातार इलाज कराने के बाद भी सुधार नहीं होने पर हीरा सिंह अंधविश्वास की चपेट में आ गया। उसके भांजे ने बताया कि अंबिकापुर के लुचकी में रहने वाला सुखसाय पंडा झाड़-फूंक कर बीमारी दूर कर देता है। इस पर हीरा सिंह ने आरोपी से संपर्क किया और 7 दिसंबर को अपनी पत्नी को लेकर अंबिकापुर पहुंच गया। झाड़-फूंक के खर्च और किराए के नाम पर वह 10 हजार रुपए साथ लेकर आया था।
यह भी पढ़ें:- रायपुर में 95 साल पुराने तालाब को लेकर बवाल, पूर्व पार्षद पर फर्जी हस्ताक्षर कराने के आरोप
बिलासपुर चौक पर सुखसाय पंडा पहले से मौजूद था। वहां से वह दंपती को पैदल लुचकी घाट की ओर ले गया। रास्ते में पुलिया के पास उसने हीरा सिंह को दूर खड़े रहने को कहा और उसकी पत्नी को किनारे बैठाकर पूजा-पाठ शुरू कर दिया। इसी दौरान योजनाबद्ध तरीके से गिरोह के दूसरे सदस्य पहुंचे और हीरा सिंह को डरा-धमकाकर उससे 10 हजार रुपए लूट लिए। इसके बाद आरोपियों ने हीरा सिंह को बंधक बनाकर 50 हजार रुपए की फिरौती की मांग भी की। कुछ देर बाद बदमाश उसे छोड़कर फरार हो गए। (Crime in Ambikapur)
पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
घर लौटकर हीरा सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। जांच के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों सुखसाय गिरी (40), शेरा गिरी (20) और विनय गिरी (28) को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से बाइक और लूटा गया कैश भी बरामद किया गया। कड़ाई से पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि अंधविश्वास के नाम पर ठगी के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने लोगों को ऐसी धोखाधड़ी से सावधान रहने की सलाह दी। (Crime in Ambikapur)



