Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में 95 साल पुराने तालाब को लेकर बवाल, पूर्व पार्षद पर फर्जी हस्ताक्षर कराने के आरोप

Shitala Talab of Lalpur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के लालपुर में स्थित 95 साल पुराने शीतला तालाब को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। तालाब को बेचने और पाटने के विरोध में बुधवार को ग्रामीण बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय घेराव के लिए निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें राजेंद्र नगर थाने के पास ही रोक दिया। ग्रामीणों के मुताबिक शीतला तालाब 1925 से 2000 तक मिसल रिकॉर्ड में तालाब के रूप में दर्ज रहा, लेकिन 2002-2003 में रिकॉर्ड बदलकर इसे कृषि भूमि दिखा दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी तब लगी, जब 2023 में कुछ बिल्डरों के भेजे मजदूर तालाब को पाटने पहुंचे।

यह भी पढ़ें:- पत्नी ने 10 साल से पीरियड्स न आने की बात छिपाई, हाईकोर्ट ने कहा मानसिक क्रूरता, तलाक मंजूर

जांच के दौरान ग्रामीणों को पता चला कि तालाब के 7 टुकड़े किए गए, जिनमें से 6 की रजिस्ट्री हो चुकी है। गांववालों के विरोध के बाद काम रुका, लेकिन एक हफ्ते पहले फिर से तालाब को पाटने की कोशिश की गई, जिसके बाद एकजुट होकर हर घर से एक सदस्य आंदोलन में पहुंचे। बुजुर्गों का कहना है कि उन्होंने यह तालाब अपने बचपन से देखा है। उनके पूर्वजों से लेकर आज तक निस्तारी, पूजा और मृत्यु संस्कार तक की परंपरा इसी तालाब में होती आ रही है। वे इसे पाटने नहीं देंगे। (Shitala Talab of Lalpur)

ग्रामीणों ने एक पूर्व पार्षद पर आरोप लगाया कि उन्होंने फर्जी हस्ताक्षर कराकर प्रशासन को गलत जानकारी दी और स्टे हटाने में भूमिका निभाई। ग्रामीणों के 15 लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह से मिला। कलेक्टर ने मामले की जांच का भरोसा दिलाया है। तालाब विवाद राजनीतिक रंग भी ले चुका है। ग्रामीणों के आंदोलन में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने कहा कि बीजेपी सरकार में बिल्डरों का विकास हो रहा है। गांवों में निस्तारी के तालाब तक बेचे जा रहे हैं। ये बिल्डर और सरकार की मिलीभगत है।

रायपुर में तालाबों के पाटने का मुद्दा नया नहीं

इस पर बीजेपी ने पलटवार करते हुए कहा कि जिला प्रशासन ने जांच का भरोसा दिया है। कांग्रेस बेवजह राजनीति कर रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि राजधानी में तालाबों को पाटने और बेचने के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं, जिन पर अक्सर राजनीति हावी हो जाती है। फिलहाल ग्रामीण शीतला तालाब को बचाने के लिए अड़े हैं और प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या और कब तक कार्रवाई करती है। (Shitala Talab of Lalpur)

Back to top button
error: Content is protected !!