पिस्टल की नोक पर किराना व्यापारी से 50 हजार की जबरन वसूली, पूर्व आर्मी जवान ने झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर ऐंठी रकम

Crime in Kawardha: कबीरधाम जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत छिरहा गांव में एक किराना व्यापारी से पिस्टल की नोक पर 50 हजार रुपए की जबरन वसूली का मामला सामने आया है। आरोपी ने व्यापारी को चोरी का चावल खरीदने के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर रकम ऐंठ ली और मौके से फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक आरोपी की पहचान जितेंद्र चड्ढा (47) के रूप में हुई है, जो एक पूर्व आर्मी जवान है। आरोपी मूल रूप से जबलपुर का रहने वाला है, जो वर्तमान में रायपुर स्थित एक निजी कंपनी कॉल मी सर्विसेस में सिक्योरिटी ऑफिसर के पद पर कार्यरत है। आरोपी ने अपनी पहचान और प्रभाव का डर दिखाकर व्यापारी को धमकाया और उससे 50 हजार रुपए वसूल लिए। आरोपी ने खुद को भारतीय खाद्य निगम (FCI) का बड़ा अधिकारी बताकर डराया था।
यह भी पढ़ें:- महासमुंद बना तस्करी का ट्रांजिट हब, 5 दिन में 3 करोड़ से ज्यादा का गांजा जब्त, ओडिशा से मुंबई तक फैला नेटवर्क

घटना के बाद पीड़ित व्यापारी ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लग्जरी कार, लाइसेंसी पिस्टल और वसूली गई नगद राशि भी बरामद की है। इसे लेकर एडिशनल एसपी पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जबरन वसूली और धमकी देने के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी ने झूठे आरोप लगाकर व्यापारी को डराया था। फिलहाल पुलिस आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि खंगाल रही है और यह जांच कर रही है कि उसने इस तरह की वारदात पहले भी कहीं की है या नहीं।
![]()
पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस घटना ने कबीरधाम जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां एक पूर्व सैनिक के दिनदहाड़े पिस्टल की नोक पर व्यापारी से वसूली जैसी वारदात को अंजाम देना सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर करता है। ऐसे मामलों से न सिर्फ आम लोगों में डर का माहौल बनता है, बल्कि यह भी संकेत मिलता है कि अपराधियों में कानून का खौफ कम होता जा रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी सख्ती और पारदर्शिता से कार्रवाई करती है, ताकि जनता का भरोसा फिर से कायम हो सके। (Crime in Kawardha)




