Cyber Fraud Arrested: मुंबई में 30 लाख की हाईटेक साइबर ठगी, मास्टरमाइंड छत्तीसगढ़ के भिंभौरी गांव से गिरफ्तार

Cyber Fraud Arrested: मुंबई में हाईटेक साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पावर पॉइंट कार्टिज प्राइवेट लिमिटेड से 30 लाख रुपये की ठगी की गई। इस ठगी का मास्टरमाइंड छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के लोहारा ब्लॉक अंतर्गत भिंभौरी गांव का युवक अरशद खान निकला। नवी मुंबई साइबर पुलिस और लोहारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस ठगी का पूरा नेटवर्क उजागर हुआ।
यह भी पढ़ें :- छत्तीसगढ़ में स्काईवॉक को लेकर सियासत, बैज ने कहा- लूटमार, अपराध का बनेगा अड्डा
व्हाट्सएप से शुरू हुई ठगी की साजिश
22 अक्टूबर 2024 की शाम को कंपनी की अकाउंटेंट बिंदु अमृतलाल नायर के मोबाइल पर कंपनी के डायरेक्टर विशेष गांगिया के नाम से एक व्हाट्सएप मैसेज आया। उसमें दो अलग-अलग बैंक खातों में 30 लाख रुपए ट्रांसफर करने का निर्देश दिया गया। डायरेक्टर का नाम और प्रोफाइल फोटो देखकर अकाउंटेंट ने बिना पुष्टि के राशि ट्रांसफर कर दी। बाद में असली डायरेक्टर से संपर्क होने पर ठगी का खुलासा हुआ। (Cyber Fraud Arrested)
एफआईआर और साइबर एक्ट की गंभीर धाराएं
23 अक्टूबर को अंधेरी ईस्ट स्थित नवी मुंबई साइबर थाना में मामला दर्ज किया गया। मोबाइल नंबर 7416971585 को ट्रैक कर पुलिस ने बीएनएस की धारा 318, 316(2), 318(2), 319(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत केस दर्ज किया।
भिंभौरी गांव में दबिश, तीन संदेहियों को पकड़ा गया
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन लोहारा ब्लॉक में चिन्हित हुई। निरीक्षक योगेश देशमुख के नेतृत्व में नवी मुंबई साइबर पुलिस की टीम ने थाना सहसपुर लोहारा में विधिवत कार्रवाई करते हुए भिंभौरी गांव में तीन संदेहियों – निजाम अहमद खान, मोहम्मद सोनू अंसारी और अरशद खान को हिरासत में लिया। (Cyber Fraud Arrested)
खातों के माध्यम से घुमाई गई रकम
जांच में सामने आया कि अरशद ने निजाम के खाते में 20 लाख रुपए ट्रांसफर कराए। बैंक मैनेजर की आपत्ति पर 10 लाख कैश और शेष 10 लाख आरटीजीएस द्वारा सोनू अंसारी के खाते में डाले गए। फिर सोनू के खाते से 9.85 लाख चेक द्वारा निकाल लिए गए।
अरशद ने कबूला जुर्म
सख्त पूछताछ में अरशद ने कबूला कि उसने ही डायरेक्टर के नाम से व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर अकाउंटेंट को गुमराह किया और रकम को अलग-अलग खातों के जरिये ट्रांसफर कर निकाला। नवी मुंबई साइबर पुलिस ने परिजनों की उपस्थिति में उसे हिरासत में लिया और अंधेरी रवाना कर दिया। शुक्रवार को अरशद को मुंबई न्यायालय में पेश किया गया, जहां पुलिस रिमांड की मांग की गई है। (Cyber Fraud Arrested)
संगठित साइबर गिरोह की आशंका
पुलिस इस पूरे मामले को एक संगठित साइबर गिरोह की साजिश मानकर आगे की जांच कर रही है। एक के बाद एक खातों में पैसे भेजने और निकालने की प्रक्रिया इस ठगी के पीछे एक सुनियोजित नेटवर्क की ओर इशारा कर रही है।



