Cyclone Arnab Alert: चक्रवात को लेकर रायपुर प्रशासन सतर्क, राहत-बचाव की तैयारी तेज; हेल्पलाइन नंबर जारी
Cyclone Arnab Alert : चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए रायपुर जिला प्रशासन ने एहतियाती तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। भारी बारिश, तेज हवाओं और जलभराव की आशंका को देखते हुए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जा रही है। प्रशासन ने आम लोगों की सहायता के लिए नियंत्रण कक्ष का नंबर 0771-2413233 जारी किया है।
जिला प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी के माध्यम से लोगों को मौसम की संभावित स्थिति के प्रति जागरूक कर रहा है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। (Cyclone Arnab Alert)
राहत-बचाव के लिए सभी विभाग अलर्ट
संभावित आपदा से निपटने के लिए राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, नगरीय निकाय, पंचायत और विद्युत विभाग सहित अन्य संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन और अन्य राहत-बचाव दलों को आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रहने को कहा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने नदी-नालों, तालाबों, निचले इलाकों और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
जर्जर भवनों और बिजली लाइनों पर भी नजर
तेज हवाओं और बारिश से संभावित नुकसान को देखते हुए कमजोर भवनों, जर्जर संरचनाओं, पेड़ों और विद्युत लाइनों से जुड़े जोखिमों की पहचान कर एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का जोर ऐसी परिस्थितियों में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को रोकने पर है। (Cyclone Arnab Alert)
मौसम विभाग के पूर्वानुमान की लगातार समीक्षा
जिला प्रशासन मौसम विभाग से प्राप्त पूर्वानुमान और चेतावनियों पर लगातार नजर रख रहा है। संबंधित अधिकारियों को समय पर सूचनाओं का आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नियंत्रण कक्षों को सक्रिय रखते हुए मौसम की स्थिति के अनुसार आवश्यक कदम उठाने की तैयारी की जा रही है।
नागरिकों से अपील: नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से रहें दूर
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। नागरिकों को नदी-नालों, तालाबों और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने तथा तेज हवाओं और आकाशीय बिजली के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल प्रशासन तथा अन्य अधिकृत माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर भरोसा करने को कहा गया है।
आपात स्थिति में इस हेल्पलाइन नंबर पर करें संपर्क
चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम नागरिकों की सहायता और आवश्यक जानकारी के लिए नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 0771-2413233 जारी किया है। जरूरत पड़ने पर नागरिक इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों को सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में समय पर राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा सकें।



