सक्ती में तालाब में डूबने से जुड़वा बहनों की मौत, बालोद में नहर में बहने से पिता-बेटी की गई जान

Death by Drowning: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र अंतर्गत लवसरा गांव में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां खेलते-खेलते तालाब में गिरने से दो जुड़वा बहनों की मौत हो गई। बच्चियों की पहचान दीप्ति गोंड (6 साल) और दिव्या गोंड (6 साल) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक दोनों बच्चियां सुबह करीब 9:30 बजे अपने घर के पास खेल रही थी। खेलते-खेलते वे पास स्थित तालाब के किनारे पहुंच गई। इसी दौरान दोनों तालाब में गिर गई और गहरे पानी में डूबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे उन्हें समय पर बचाया नहीं जा सका।
यह भी पढ़ें:- बस्तर में बच्चा चोरी की अफवाह ने लिया हिंसक रूप, ग्रामीणों ने फेरीवालों को पीटा
कुछ देर बाद ग्रामीणों ने तालाब में दोनों बच्चियों के शव देखा। इसके बाद तत्काल ग्रामीणों ने शवों को बाहर निकाला और परिजनों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बाराद्वार पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी नरेंद्र यादव के मुताबिक पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है। इस दुखद घटना के बाद पूरे लवसरा गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। (Death by Drowning)

नहर में बहने से पिता-बेटी की गई जान
वहीं बालोद जिले में भी एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां तांदुला नहर में नहाने के दौरान तेज बहाव में बहने से पिता और उनकी 12 साल की बेटी की मौत हो गई। घटना मंगलवार दोपहर पीपरछेड़ी गांव में हुई। मृतकों की पहचान टायमन गंजीर (35 साल) और उनकी बेटी पालंकी गंजीर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक टायमन अपनी बेटी और एक रिश्तेदार के साथ नहर में नहाने गए थे। इस दौरान वे बेटी को तैरना सिखा रहे थे। इसी बीच तांदुला जलाशय से पानी छोड़े जाने के कारण नहर का बहाव तेज हो गया। तीनों गहराई और बहाव का अंदाजा नहीं लगा पाए और पानी में बहने लगे। (Death by Drowning)
शादी की खुशी मातम में बदली
मौके पर मौजूद लोगों ने एक बच्ची को तो बचा लिया, लेकिन टायमन और उनकी बेटी बह गए। सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। तलाश में मदद के लिए तांदुला और गंगरेल बांध से पानी का बहाव भी कम कराया गया। गोताखोरों ने घटनास्थल से करीब 400 मीटर दूर टायमन का शव बरामद किया, जबकि बेटी पालंकी का शव अगले दिन यानी बुधवार को लगभग 20 किलोमीटर दूर मिला। टायमन 108 एम्बुलेंस सेवा में ईएमटी (Emergency Medical Technician) के पद पर कार्यरत थे। वे अपने ससुराल शादी समारोह में शामिल होने आए थे। इस हादसे के बाद खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। इन दोनों घटनाओं ने एक बार फिर जल स्रोतों के आसपास सुरक्षा और सतर्कता की आवश्यकता को उजागर किया है। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। प्रशासन की ओर से भी लोगों से अपील की जा रही है कि बच्चों को अकेले पानी के पास न जाने दें और नहर/तालाब में नहाते समय विशेष सावधानी बरतें।



