छुट्टियां मनाने गया परिवार हादसे का शिकार, झरने में डूबने से हुई 5 लोगों की मौत

Death Due to Drowning: महाराष्ट्र के लोनावला में छुट्टियां मनाने गए 5 लोगों की झरने में डूबने से मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक हादसा रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पुणे के भुशी बांध के पास मौजूद झरने में हुआ। रेस्क्यू टीम ने पांचों के शव को बरामद कर लिया है। दरअसल, पांचों झरने के तेज बहाव में बह गए। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। बचावकर्मी पीड़ितों के शवों की तलाश करते रहे, जिसमें पहले दो लोगों के शव बरामद हुए। इसके बाद सोमवार की सुबह तीन शव निकाले गए।
यह भी पढ़ें:- दिव्यांगों के लिए हर संभव मदद करेगी सरकार: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
पुलिस के मुताबिक एक ही परिवार के पांच लोग घूमने के लिए झरने के पानी में उतरे थे। इसी दौरान अचानक पानी का तेज बहाव आया और सभी उसमें फिसल गए। साथ ही डैम के निचले हिस्से में डूब गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वे झरने में उतरने के बाद काई वाले पत्थरों पर फिसल गए होंगे, जिसके चलते पानी की तेज बहाव में बह गए होंगे। पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक पंकज देशमुख ने कहा कि परिवार पिकनिक के लिए झरने के पास गए थे, जहां घटना हो गई। SP ने कहा कि ऐसा लगता है कि वे भुशी बांध से लगभग दो किलोमीटर दूर झरने में फिसल गए और जलाशय के निचले हिस्से में डूब गए। (Death Due to Drowning)
मृतकों की पहचान
पुलिस ने कहा कि हडपसर क्षेत्र में रहने वाले अंसारी परिवार के सदस्य पिकनिक के लिए भुशी बांध गए थे। वे बांध के करीब झरने को देखने गए थे, लेकिन इलाके में भारी बारिश के कारण पानी का प्रवाह बढ़ने पर वे बह गए। मृतकों में शाहिस्ता अंसारी (उम्र 36), अमिमा अंसारी (उम्र 13) और उमेरा अंसारी (उम्र 8) के शव रविवार को बरामद कर लिए गए। जबकि सोमवार की सुबह अदनान अंसारी (उम्र 4) और मारिया सैय्यद (उम्र 9) के शव को बाहर निकाला गया। बता दें कि इस हादसे में तीन लोगों को बचा लिया गया था। (Death Due to Drowning)



