Chhattisgarh Crimes News : कर्ज में डूबे एजेंट ने रची फिल्मी लूट की साजिश, पुलिस ने किया खुलासा
Chhattisgarh Crimes News : डोंगरगढ़ में कर्ज के दबाव में फंसे एक बैंक कलेक्शन एजेंट ने खुद को लूट का शिकार दिखाने की फिल्मी साजिश रच डाली, लेकिन पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच के आगे उसकी कहानी ज्यादा देर टिक नहीं सकी।
यह भी पढ़े :- Puri Rath Yatra 2025 : पुरी में जगन्नाथ यात्रा के दौरान भीड़ बेकाबू, करीब 600 से श्रद्धालु घायल
इसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में कार्यरत कलेक्शन एजेंट मयूर कुमार अडमे ने 26 जून को बोरतलाव थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि महाराष्ट्र से वसूली कर लौटते समय चेन्द्री माता मंदिर के पास कुछ नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोककर मारपीट की और उसके पास से दो लाख रुपये नकद, बाइक, मोबाइल फोन, सोने की बाली और चांदी का ब्रेसलेट लूट लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। डोंगरगढ़-बोरतलाव रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, लेकिन कहीं भी लूट की पुष्टि नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने मयूर की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
संदेह गहराने पर जब मयूर से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने पूरी सच्चाई उगल दी। मयूर ने कबूल किया कि वह भारी कर्ज में डूबा हुआ था और इससे छुटकारा पाने के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ी। उसने बैंक से वसूले गए दो लाख रुपये अपने घर के आंगन में काले कपड़े में लपेटकर छिपा दिए थे, जबकि बाइक और अन्य सामान को बोरतलाव ओवरब्रिज के नीचे छिपा दिया ताकि घटना को असली साबित किया जा सके। (Chhattisgarh Crimes News )
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरी राशि, बाइक और अन्य सामान बरामद कर लिए हैं। आरोपी मयूर कुमार अडमे को गिरफ्तार कर धोखाधड़ी, झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने समेत अन्य धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। (Chhattisgarh Crimes News )



