Google Analytics —— Meta Pixel

2,300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति का इंतजार, 321 दिनों से आंदोलन कर रहे D.Ed अभ्यर्थी

DEd Candidates Movement: छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती का मामला एक बार फिर चर्चा में है। 2,300 रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर D.Ed अभ्यर्थी पिछले 321 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। गुरुवार को अभ्यर्थियों ने अपने परिजनों के साथ स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले का घेराव कर दिया। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में लंबे समय से देरी हो रही है, जबकि पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिलने का इंतजार है। अभ्यर्थी सरकार से अब सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित करने की मांग कर रहे हैं।

क्या है पूरा भर्ती विवाद ?

दरअसल, सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के तहत कुल 6,285 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। इस भर्ती में D.Ed और B.Ed दोनों तरह के अभ्यर्थियों को पात्र माना गया था। बाद में B.Ed डिग्रीधारियों को सहायक शिक्षक पद के लिए अयोग्य ठहराए जाने का मामला सामने आया। सुप्रीम कोर्ट ने भी सहायक शिक्षक पद के लिए B.Ed डिग्री को मान्य नहीं माना। इसके बाद 2,615 B.Ed अभ्यर्थियों को नौकरी से हटाने का आदेश हुआ। इसके चलते रिक्त हुए पदों पर पात्र D.Ed अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर नियुक्ति दिए जाने की मांग उठने लगी। अभ्यर्थियों का दावा है कि सहायक शिक्षक के करीब 2,300 पद अब भी खाली हैं। वहीं उनका कहना है कि 1,316 पात्र D.Ed अभ्यर्थी अब तक नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थी लगातार आंदोलन कर रहे हैं।

हाईकोर्ट के निर्देश के बाद भी नियुक्ति का इंतजार

अभ्यर्थियों का दावा है कि हाईकोर्ट ने भी 2,300 पदों पर दो महीने के भीतर निर्णय लेकर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद नियुक्ति की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई है। अभ्यर्थियों का कहना है कि न्यायालय के आदेशों के बाद भी स्थिति स्पष्ट नहीं होने से उनका इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। वे सरकार से रिक्त पदों की स्थिति स्पष्ट करने और पात्र उम्मीदवारों को मेरिट के आधार पर नियुक्ति देने की मांग कर रहे हैं। नियुक्ति की मांग को लेकर D.Ed अभ्यर्थियों ने 24 दिसंबर 2025 को रायपुर के तूता धरना स्थल पर धरना और आमरण अनशन शुरू किया था। आंदोलन के दौरान अभ्यर्थियों ने सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए कई तरह के प्रदर्शन किए। 19 मार्च 2026 को नवरात्रि के दौरान शीतला मंदिर तक कलश यात्रा निकालने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस ने गेट पर रोक दिया। (DEd Candidates Movement)

यह भई पढ़ें:- 400 से ज्यादा D.Ed अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री का घेरा बंगला, पुलिस ने घसीटकर बस में भरा

23 मार्च को अभ्यर्थियों ने भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की वेशभूषा में नुक्कड़ नाटक किया और हथकड़ी पहनकर मंत्री बंगले तक रैली निकाली। 6 अप्रैल को 14 मंत्रियों के नाम से दंडवत प्रणाम और पूजा-अर्चना कर नियुक्ति की मांग उठाई। 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती पर संविधान रैली निकाली गई, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। अप्रैल 2026 में अभ्यर्थियों ने घुटनों के बल चलकर विरोध जताया। इसके अलावा तूता धरना स्थल के पीछे स्थित तालाब में जल समाधि लेने की कोशिश भी की। इस दौरान कुछ अभ्यर्थियों के घायल होने और पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई थी। जून 2026 में सांसद संजय सिंह तूता धरना स्थल पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया। इसी महीने आमरण अनशन कर रहे संजय कश्यप और अनुसुख्या की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। (DEd Candidates Movement)

आदिवासी वर्ग के पदों को लेकर भी उठाई मांग

7 अगस्त 2026 को अभ्यर्थियों ने दावा किया कि 2,300 रिक्त पदों में से 1,600 पद ST वर्ग के हैं। इस संबंध में राष्ट्रपति, राज्यपाल और राज्य सरकार को ज्ञापन भेजा गया। वहीं, 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सर्व आदिवासी समाज के साथ रैली निकाली गई और 1,316 पदों पर नियुक्ति की मांग उठाई गई। करीब 321 दिनों से जारी आंदोलन के बाद गुरुवार को अभ्यर्थियों ने सीधे स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले का घेराव कर दिया। 400 से अधिक अभ्यर्थी अपने परिवार के सदस्यों और छोटे बच्चों के साथ बंगले के अंदर धरने पर बैठ गए। पुलिस ने उन्हें वहां से हटाकर बसों में बैठाया और तूता धरना स्थल पहुंचाया। वहीं डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि D.Ed अभ्यर्थियों से कई बार बातचीत हुई है। सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर चिंतित है और अलग-अलग विभागों में भर्तियां कर रही है। सरकार ने इस विषय को संज्ञान में लिया है। अब देखना होगा कि लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों की मांग पर सरकार कब तक कोई स्पष्ट निर्णय लेती है।

Back to top button
error: Content is protected !!