पाकिस्तान बातचीत को लेकर गंभीर है तो हमें हाफिज और मसूद सौंप दे: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Defence Minister Rajnath Singh: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने INS विक्रांत का दौरा किया। साथ ही नौसेना के जवानों के साथ बातचीत की है। रक्षा मंत्री ने कहा कि पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले के बाद जब भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया तो हमारी सशस्त्र बलों ने जिस गति, गहराई और स्पष्टता के साथ कार्रवाई की, वह अद्भुत था। उसने न केवल आतंकवादियों को, बल्कि उन्हें पालने-पोसने वाले सरपरस्तों को भी स्पष्ट संदेश दे दिया कि भारत अब सहन नहीं करता, भारत अब सीधा जवाब देता है। हमने कुछ ही समय में पाकिस्तान के आतंकी अड्डे और उसके इरादों को ध्वस्त कर दिया।
यह भी पढ़ें:- पूरा बंगाल कह रहा है – बंगाल में मची चीख-पुकार, नहीं चाहिए ‘निर्मम’ सरकार
उन्होंने कहा कि हमारा प्रहार इतना तगड़ा था कि पाकिस्तान पूरी दुनिया से भारत को रोकने की गुहार लगाने लगा। अंत में हमने अपनी शर्तों पर अपने सैन्य कार्रवाइयों को रोका है। अभी तो हमारी सेनाओं ने अपनी आस्तीनें पूरी मोड़ी भी नहीं थी, अभी तो हमने अपना पराक्रम दिखाना शुरू भी नहीं किया। रक्षा मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय नौसेना ने अपनी साइलेंट सर्विस से हर भारतवासी को प्रभावित किया है। खामोश रहकर भी भारतीय नौसेना ने पाकिस्तानी सेना को बांधकर रखने में कामयाबी पाई। जरा सोचिए कि जो खामोश रहकर भी किसी देश की फौज को बोतल में बंद रख सकता है, वह जब बोलेगा तो क्या नजारा होगा? (Defence Minister Rajnath Singh)

रक्षा मंत्री ने कहा कि इस बार तो पाकिस्तान को भारतीय नौसेना की फायर पावर का सामना नहीं करना पड़ा, लेकिन दुनिया जानती है कि अगर पाकिस्तान ने इस बार कोई नापाक हरकत की तो हो सकता है कि इस बार ओपनिंग हमारी नेवी के हाथों से हो। पाकिस्तान को यह साफ समझ लेने की जरूरत है, आतंकवाद के जिस खतरनाक खेल को वह आजादी के समय से खेलता आ रहा है, उसकी मियाद अब खत्म हो चुकी है। अब जब भी पाकिस्तान भारत के खिलाफ किसी आतंकवादी हरकत को शह देगा, तो न केवल उसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ेगा, बल्कि हर बार की तरह उसे मात का भी सामना करना पड़ेगा। (Defence Minister Rajnath Singh)

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक मिलिट्री एक्शन नहीं है, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ भारत का Frontal Assault है। हम आतंकवाद के ख़िलाफ़ हर उस तरीके का इस्तेमाल करेंगे, जो पाकिस्तान सोच सकता है, लेकिन हम उन तरीकों का भी इस्तेमाल करने में भी संकोच नहीं करेंगे, जो पाकिस्तान सोच भी नहीं सकता है। पाकिस्तान की धरती से भारत विरोधी गतिविधियां खुले आम चलाई जा रही हैं। भारत आतंकवादियों के खिलाफ सरहद और समंदर के इस पार और उस पार, दोनों तरफ, हर तरह का ऑपरेशन चलाने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र है। आतंकवाद के खिलाफ अपने नागरिकों की सुरक्षा करने के अधिकार को आज पूरी दुनिया स्वीकार कर रही है। इस काम को करने से आज भारत को दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती है। (Defence Minister Rajnath Singh)

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के हक में यही बात होगी कि वह अपनी जमीन पर चल रही आतंकवाद की नर्सरी को अपने हाथों से उखाड़ फेंके। इसकी शुरुआत उसे हाफिज सईद और मसूद अजहर जैसे आतंकवादियों को भारत के हाथों में सौंपने से करनी चाहिए। यह दोनों न केवल भारत में ‘मोस्ट वांटेड टेररिस्ट’ की सूची में हैं, बल्कि ये UN की नामित आतंकवादी की लिस्ट में भी हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि हाफिज सईद मुंबई हमलों का गुनहगार है। समुंदर के रास्ते मुंबई में मौत बरसाने का जो गुनाह उसके संगठन ने किया है, उसका इंसाफ होना चाहिए। यह काम पाकिस्तान में नहीं हो सकता है। मुंबई हमलों के एक आरोपी तहव्वुर राणा को पिछले दिनों भारत लाया गया है। (Defence Minister Rajnath Singh)

रक्षा मंत्री राजनाथ ने कहा कि पाकिस्तान की ओर से बार-बार बातचीत की पेशकश की जा रही है। कल ही पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने फिर यह बात दोहराई है, लेकिन भारत ने साफ कह रखा है कि बात होगी तो आतंकवाद पर होगी, PoK पर होगी। अगर पाकिस्तान बातचीत को लेकर गंभीर है तो उसे हाफिज सईद और मसूद अजहर जैसे आतंकवादियों को भारत को सौंप देना चाहिए, ताकि इंसाफ किया जा सके। पाकिस्तान इस बात को गांठ बांधकर रखे कि हमारी नौसेना अगर एक ओर समंदर की तरह शांत है तो दूसरी ओर वह समंदर की ही तरह सुनामी लाने की भी क्षमता रखती है। भारतीय नौसेना आज सिर्फ हिंद महासागर की प्रहरी नहीं है, बल्कि एक रणनीतिक ताकत बन चुकी है, जो हिंद-महासागर क्षेत्र में भारत की उपस्थिति को सशक्त बनाती है और शत्रु को यह चेतावनी देती है कि भारत अब केवल क्षेत्रीय शक्ति नहीं, बल्कि वैश्विक शक्ति बनने की दिशा में अग्रसर है। (Defence Minister Rajnath Singh)

रक्षा मंत्री ने कहा कि INS विक्रांत की मौजूदगी, उसकी मारक क्षमता और आप जैसे रणबांकुरों की अडिग निष्ठा, यह सब मिलकर भारत को एक ऐसे मुकाम पर ले जा रहे हैं, जहां से कोई भी चुनौती हमारे सामने छोटी नजर आ रही है। आपका जीवन अनुशासन, समर्पण और बलिदान की मिसाल है। जब देश चैन की नींद सोता है, तब आप समुद्र के सीने पर तैनात रहते हैं- न दिन देखते हैं, न रात, न मौसम देखते हैं, न परिस्थिति देखते हैं। भारत को आप सबके ऊपर गर्व है। आपको अपनी तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़नी चाहिए। अब तक जो कुछ भी हुआ है, वह सिर्फ एक अभ्यास था। अगर पाकिस्तान ने फिर से कोई दुस्साहस किया, तो इस बार नौसेना भी एक्शन में आएगी और फिर पाकिस्तान का क्या होगा, यह तो भगवान ही जाने। मुझे पूरा भरोसा है कि चाहे हालात कैसे भी हों, आप हर समय, हर चुनौती के लिए तैयार रहेंगे। ठीक उसी तरह मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि प्रधानमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में हमारी सरकार भी आप सभी को मजबूत बनाने और आपके कल्याण के लिए हमेशा तैयार थी, तैयार है और तैयार रहेगी। (Defence Minister Rajnath Singh)




