दिल्ली कार ब्लास्ट में मरने वालों की संख्या हुई 12, धमाके में अमोनियम नाइट्रेट और डेटोनेटर का इस्तेमाल !

Dehli Blast News: सोमवार शाम राजधानी दिल्ली दहल उठी, जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास चलती कार में जोरदार धमाका हुआ। इस विस्फोट में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 2 महिलाएं भी शामिल हैं। जबकि 20 घायलों का इलाज दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में जारी है। पुलिस ने बताया कि दो शवों की पहचान हो चुकी है, जबकि बाकी शवों की पहचान DNA टेस्ट के जरिए की जाएगी। सोमवार शाम करीब 6:52 बजे सफेद रंग की i20 कार में यह विस्फोट हुआ। कार के टुकड़े चारों तरफ फैल गए, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। धमाके के बाद सामने आए CCTV फुटेज में एक काला मास्क पहने व्यक्ति को कार चलाते हुए देखा गया। सूत्रों के मुताबिक संदिग्ध का नाम डॉ. मोहम्मद उमर नबी बताया जा रहा है, जो जम्मू-कश्मीर के पुलवामा का रहने वाला है।
यह भी पढ़ें:- “जो इसके पीछे हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा” – दिल्ली धमाके पर पीएम मोदी का सख्त संदेश
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि उमर ने विस्फोटकों के साथ खुद को उड़ा लिया। पुलिस ने उमर की पहचान की पुष्टि के लिए कश्मीर में उसकी मां और दो भाइयों को हिरासत में लेकर DNA सैंपल लिए हैं। जानकारी के मुताबिक पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि विस्फोट में अमोनियम नाइट्रेट, फ्यूल और डेटोनेटर का इस्तेमाल किया गया। फोरेंसिक टीम ने मौके से कई धातु के टुकड़े और बारूद के निशान बरामद किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूटान में दिल्ली धमाके में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही कहा कि पूरा देश दिल्ली विस्फोट से प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
गृहमंत्री शाह ने ली हाई-लेवल सिक्योरिटी मीटिंग
दिल्ली ब्लास्ट को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आवास पर डेढ़ घंटे तक हाई-लेवल सुरक्षा बैठक चली। मीटिंग में दिल्ली पुलिस, एनआईए, इंटेलिजेंस ब्यूरो और गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। सुरक्षा एजेंसियों ने राजधानी के संवेदनशील इलाकों में चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इधर, फरीदाबाद पुलिस ने अल फलाह यूनिवर्सिटी को घेर लिया है। परिसर के अंदर जांच जारी है और बाहर भारी पुलिस फोर्स तैनात है। वहीं जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पुलवामा से एक और डॉक्टर सज्जाद को हिरासत में लिया है, जो उमर का दोस्त बताया जा रहा है। अल फलाह यूनिवर्सिटी की लैब से पुलिस ने 3 कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
मेट्रो स्टेशन बंद
दिल्ली ब्लास्ट को लेकर गृह मंत्रालय में एक बैठक होगी। दोपहर 3 बजे होने वाली बैठक में सभी जांच एजेंसियों के अधिकारी शामिल होंगे। हाल ही में 2900 किलो विस्फोटक मामले में गिरफ्तार तीन डॉक्टरों का संबंध इसी यूनिवर्सिटी से था। इसके अलावा फतेहपुर तगा गांव में पुलिस ने मस्जिदों में भी तलाशी अभियान चलाया है। धमाके के बाद लाल किला परिसर को 13 नवंबर तक के लिए पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। वहीं लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 और 4 को सुरक्षा कारणों से सील कर दिया गया है। (Dehli Blast News)



